Toronto: कनाडा में धार्मिक प्रतीकों को लेकर वर्षों से चल रही कानूनी लड़ाई में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने क्यूबेक प्रांत के विवादित बिल-21 को अधिकांश रूप से बरकरार रखते हुए सरकारी स्कूलों के शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और कुछ अन्य सरकारी कर्मचारियों के काम के दौरान हिजाब, सिख पगड़ी और यहूदी किप्पा पहनने पर लगी रोक को कायम रखा है। इस फैसले ने धार्मिक स्वतंत्रता, समानता और धर्मनिरपेक्षता को लेकर कनाडा में नई बहस छेड़ दी है। कनाडा के क्यूबेक प्रांत में वर्ष 2019 में बिल-21 यानी ‘एक्ट रिस्पेक्टिंग द लाइसिटी ऑफ द स्टेट’ कानून बनाया गया था। इसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों को धर्मनिरपेक्ष बनाना और सरकारी कर्मचारियों के कामकाज में धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल पर रोक लगाना बताया गया। इस कानून के तहत सरकारी स्कूलों के शिक्षक, पुलिस अधिकारी, सरकारी वकील, न्यायाधीश और कुछ अन्य सरकारी पदों पर कार्यरत लोग ड्यूटी के दौरान धार्मिक प्रतीक नहीं पहन सकते। इनमें मुस्लिम महिलाओं का हिजाब, सिखों की पगड़ी और यहूदियों की किप्पा शामिल हैं।
इस कानून का असर विशेष रूप से उन लोगों पर पड़ा है, जो अपने धर्म के अनुसार पहनावे को अपनी पहचान और आस्था का हिस्सा मानते हैं। कानून लागू होने के बाद कई कर्मचारियों के सामने धार्मिक मान्यताओं और सरकारी नौकरी के बीच चुनाव करने की स्थिति पैदा हुई। कनाडा की सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर 2026 को 532 पन्नों का फैसला सुनाया। सात न्यायाधीशों की पीठ ने क्यूबेक सरकार की ओर से इस कानून को लागू करने के लिए संविधान के विशेष प्रावधान का इस्तेमाल वैध माना। अदालत ने स्पष्ट किया कि क्यूबेक सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 33 के तहत मिली शक्ति का सही इस्तेमाल किया है। इस प्रावधान को ‘नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज’ कहा जाता है। इसके जरिए सरकार कुछ संवैधानिक अधिकारों के बावजूद किसी कानून को पांच साल तक लागू रख सकती है।
क्यूबेक ने 2019 में इस प्रावधान का इस्तेमाल किया था और 2024 में इसे दोबारा लागू रखने के लिए नवीनीकरण किया था। इस कारण धार्मिक स्वतंत्रता और समानता से जुड़े अधिकारों की दलीलों के बावजूद बिल-21 को अदालत में रद्द नहीं किया जा सका। सुप्रीम कोर्ट ने कानून के एक दूसरे प्रावधान पर महत्वपूर्ण फैसला दिया। इसके तहत क्यूबेक की नेशनल असेंबली के निर्वाचित सदस्यों को सदन में बैठते समय चेहरा खुला रखने की अनिवार्यता थी। अदालत ने माना कि धार्मिक मान्यताओं के कारण चेहरा ढकने वाले निर्वाचित सदस्यों पर यह शर्त लागू करना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। इसलिए इस प्रावधान को विधानसभा सदस्यों पर लागू करने के खिलाफ फैसला दिया गया। साथ ही अदालत ने कहा कि नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज लागू होने के बावजूद न्यायालय किसी कानून की संवैधानिक अधिकारों से असंगति पर औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। हालांकि इस मामले में अदालत ने ऐसी कोई घोषणा जारी नहीं की।
मुस्लिम और सिख संगठनों ने जताई नाराजगी
इस फैसले का विरोध करने वाले संगठनों ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता के लिए बड़ा झटका बताया है। नेशनल काउंसिल ऑफ कैनेडियन मुस्लिम्स (NCCM) ने फैसले को कनाडा के संवैधानिक लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया। संगठन के प्रमुख स्टीफन ब्राउन ने कहा कि अब लोगों को उनके काम के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक पहचान के कारण कुछ सरकारी नौकरियों से बाहर रखा जा रहा है। कनाडियन सिविल लिबर्टीज एसोसिएशन ने भी फैसले पर निराशा जताई। उसका कहना है कि इस कानून के कारण कई लोगों को अपनी धार्मिक आस्था और सार्वजनिक सेवा में करियर के बीच चुनाव करना पड़ा है।
क्या बोले प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ?
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उनकी सरकार 500 से अधिक पन्नों के फैसले का अध्ययन कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि सभी विधायिकाओं को अल्पसंख्यकों सहित प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का सम्मान करने की पूरी कोशिश करनी चाहिए। वहीं क्यूबेक के प्रीमियर पॉल सेंट-पियरे प्लामोंडन ने फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे प्रांत की धर्मनिरपेक्षता की अलग पहचान और नीति की जीत बताया। अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ ने भी फैसले को प्रांतीय अधिकारों की जीत कहा। उनका तर्क है कि महत्वपूर्ण नीतिगत मामलों में निर्वाचित विधानसभाओं को अंतिम फैसला लेने का अधिकार होना चाहिए।











