Noida Airport Update : उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने नागरिक उड़ानों की शुरुआत से पहले एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। आज हवाई अड्डे के रनवे पर पहला मालवाहक (कार्गो) विमान सफलतापूर्वक लैंड हुआ। चेन्नई से उड़ान भरकर यहां पहुंचे इस विशेष विमान का एयरपोर्ट पर ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ (पानी की बौछारें बरसाकर) देकर बेहद शानदार और पारंपरिक स्वागत किया गया।
इस शुरुआत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाई माल ढुलाई (Air Cargo) के एक नए युग का आगाज हो गया है। मालवाहक संचालन के लिए एफकॉम कंपनी के साथ समझौता किया गया है। मालवाहक सेवाओं के लिए कंपनी बोइंग 737-800 के विमानों का इस्तेमाल करती है।
एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (एआईएसएटीएस) ने मालवाहक उड़ानों के लिए हवाई अड्डे पर करीब 80 एकड़ में मालवाहक केंद्र विकसित किया है। यमुना इंटरनेशनल हवाई अड्डे प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि इससे क्षेत्र में संपर्क बढ़ेगा और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।



















