Punjabi News

Accident: हादसे से बचने के लिए चालक ने डिवाइडर पर चढ़ाई पिकअप, फिर भी नहीं टला हादसा, 2 की हालत गंभीर

182

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर देर रात रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बड़ा हादसा हो गया। हरिनगर के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने सामने से आ रही पिकअप गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक और पिकअप कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन उत्तर प्रदेश के मेरठ से राजस्थान के नीमकाथाना सूट के कपड़े लेकर जा रहा था। पिकअप चालक ने बताया कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ रहा था। टक्कर से बचने के लिए उसने गाड़ी को डिवाइडर पर चढ़ा दिया, लेकिन इसके बावजूद तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।