Punjabi News

Delhi Crime: रेस्टोरेंट में कुर्सी छूने पर पर हुई बहस…. 17 वर्षीय छात्र को मारी गोली, नाबालिग आरोपी पकड़ा गया

109

Amar Colony Firing: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक रेस्तरां में 17 वर्षीय छात्र को गोली मारने के मामले में एक नाबालिग लड़के को पकड़ा गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, किशोर आरोपी को मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात हिरासत में लिया गया। घायल छात्र को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह जीवनरक्षक प्रणाली पर है।

पुलिस को मंगलवार शाम 7.54 बजे घटना की सूचना मिली थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, पीड़ित अपने दोस्तों, जिनमें एक लड़की भी शामिल थी, उनके साथ भोजनालय गया था। इसी दौरान कुछ युवक उनकी मेज के पास से गुजर रहे थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ”गुजरते समय एक युवक का हाथ पीड़ित की कुर्सी से जा लगा। इस पर पीड़ित ने आपत्ति जताई और उसे ठीक से चलने के लिए कहा।” अधिकारी के मुताबिक, युवकों का समूह पहले रेस्तरां से चला गया, लेकिन करीब पांच मिनट बाद वापस लौट आया।

इसके बाद उनमें से एक ने कथित तौर पर छात्र पर गोली चला दी और फरार हो गये। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के पिता छतरपुर एन्क्लेव इलाके में लॉन्ड्री का कारोबार करते हैं। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस दल गठित किए गए थे। जांच के लिए रेस्तरां तथा आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायल छात्र का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।