Punjabi News

कांग्रेस ने विशेष गिरदावरी तक अंतरिम राहत के लिए तुरंत आदेश जारी किए जाने की मांग की

214

फसलों को नुकसान के लिए 51,000 रुपये प्रति एकड़, प्रति पशु 50,000 रुपये और क्षतिग्रस्त घरों के लिए 1.5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए

‘बाढ़ राहत तालमेल कमेटियां’ गठित की जा रही हैं: वड़िंग

लुधियाना: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने विशेष ‘गिरदावरी’ होने तक पंजाब में बाढ़ प्रभावित लोगों को अंतरिम राहत देने हेतु तुरंत आदेश दिए जाने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब के सभी 13 संसदीय क्षेत्रों के लिए ‘बाढ़ राहत तालमेल कमेटियों’ के गठन की भी घोषणा की है।

बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए आज यहाँ एक विशेष बैठक की अध्यक्षता करने के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए, वड़िंग ने कहा कि विशेष गिरदावरी में समय लगेगा और तब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता दिए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल अंतरिम राहत के रूप में प्रति एकड़ 51,000 रुपये, एक पशु हानि के लिए 50,000 रुपये और जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें 1.5 लाख रुपये जारी करे।

इस दौरान उन्होंने पंजाब भर में बाढ़ की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है, क्योंकि राज्य के सभी जिले प्रभावित हुए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने ज़ोर देते कहा कि पंजाब के मौजूदा हालात मांग करते हैं कि सभी को आपसी मतभेद भुलाकर पंजाब के लोगों की राहत और पुनर्वास के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान प्रभावित लोगों को पर्याप्त राहत प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस समय राजनीति या आरोप-प्रत्यारोप में पड़ने की बजाय राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों की दुर्दशा को सुधारने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बाद में सवाल पूछे जाएँगे और ज़िम्मेदारी तय की जाएगी। लेकिन यह समय किसी भी तरह के आरोप-प्रत्यारोप का नहीं है।

इस अवसर पर, वड़िंग ने घोषणा की कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल जमीनी हालातों का जायजा लेने के लिए 5 सितंबर को तीन दिवसीय दौरे पर अमृतसर आएंगे।

बैठक में कैप्टन संदीप संधू, राकेश पांडे, सुरिंदर डावर, कुलदीप सिंह वैद, संजय तलवाड़, पवन दीवान, सिमरजीत सिंह बैंस आदि भी शामिल हुए।