Punjabi News

कांग्रेस ने निकाय चुनावों की घोषणा का स्वागत किया

8

कहा: अधिकारी और पुलिस बिना किसी पक्षपात और डर के करें काम

चंडीगढ़ : कांग्रेस ने 26 मई को होने वाले निकाय चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हुए, विश्वास जताया है कि पार्टी को पूरे राज्य में अच्छे नतीजे मिलेंगे।

यहां जारी एक बयान में, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि हम पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि राज्यभर में होने वाले इन चुनावों में कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली स्थानीय निकाय चुनावों का अनुभव अच्छा नहीं रहा था, क्योंकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में काम किया था।

उन्होंने कहा कि हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह 2026 है। अगले विधानसभा चुनावों के लिए अब 9 महीनों से भी कम समय बचा है। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। हम न भूलेंगे और न ही माफ करेंगे। इस दौरान उन्होंने किसी भी अधिकारी द्वारा पक्षपात या धक्केशाही करने के खिलाफ चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के सभी अधिकारियों को हमारी सलाह है कि वे बिना किसी डर या पक्षपात के ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाएं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की उलटी गिनती पहले ही शुरू हो चुकी है और ये निकाय चुनाव उसके ताबूत में आखिरी कील साबित होंगे।