Punjabi News

17 साल के भारतीय AI उद्यमी ने पुतिन के साथ ली सेल्फी, सोशल मीडिया पर छाया ‘AI किड’

9

मॉस्को : मॉस्को में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी से 17 वर्षीय भारतीय एआई उद्यमी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। कोच्चि स्थित एआईरियलएम टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी राहुल जॉन अजू ने ‘एआई जर्नी’ सम्मेलन में पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें रूसी राष्ट्रपति के साथ बातचीत करने का अवसर मिला।

मुलाकात के बाद अजू ने पुतिन से सेल्फी लेने का अनुरोध किया, जिसे रूस के राष्ट्रपति ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। अजू ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”अभी भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहा हूं। एक छोटे बच्चे के रूप में मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात तक, जिंदगी ने मुझे ऐसे अवसर दिए हैं, जिनके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।” ‘भारत के एआई किड’ के नाम से मशहूर अजू ने कहा कि उन्हें ”अभी बहुत कुछ सीखना है और बहुत कुछ करना है।” उन्होंने अपनी इस यात्रा का हिस्सा रहे सभी लोगों के प्रति आभार भी जताया। उनकी परियोजनाओं में थिंकक्राफ्ट (एआई आधारित शिक्षण मंच), रेस्क्यू एआई, जस्टईज, न्यायसाथी और प्रोजेक्ट 47एक्स शामिल हैं। प्रोजेक्ट 47एक्स का उद्देश्य कानूनी जानकारी को सरल बनाना है।

भारत में रूसी दूतावास ने कहा कि राहुल जॉन अजू उन युवा एआई प्रतिभाओं में शामिल थे, जिन्होंने रूस और कजाकिस्तान के राष्ट्रपतियों से मुलाकात की। दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ”रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के दौरान थिंकक्राफ्ट मंच बनाने वाले भारतीय स्कूली छात्र राहुल जॉन अजू ने रूसी राष्ट्रपति के साथ सेल्फी ली।” ‘एआई जर्नी’ सम्मेलन 26 से 28 नवंबर, 2026 तक मॉस्को में आयोजित किया जाएगा। इसमें इस बात पर चर्चा की गई कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) समाज, कारोबार और विज्ञान को किस तरह प्रभावित कर रही है।