Punjabi News

ATM Cash Shortage: ATM में नकदी संकट गहराया, भारत के कई राज्यों में कैश की कमी से बढ़ी चिंता

5

नई दिल्ली: भारत के एटीएम नेटवर्क को लेकर चिंता भरी खबर सामने आई है। देश के करोड़ों लोगों के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। भारत के एटीएम नेटवर्क को संभालने वाली संस्था ‘कॉन्फेडरेशन ऑफ एटीएम इंडस्ट्री’ (CATMi) ने ‘भारतीय बैंक संघ’ (IBA) को चेतावनी दी है कि देश के कई हिस्सों में एटीएम में कैश खत्म हो रहा है। अगर यह स्थिति जल्दी नहीं सुधरी, तो एटीएम सेवाएं पूरी तरह ठप हो सकती हैं। इस नकदी संकट का सबसे बुरा असर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में देखने को मिलेगा। खास तौर पर वे लोग सबसे ज्यादा परेशान होंगे जो सरकारी योजनाओं का पैसा (Direct Benefit Transfer – DBT) निकालने के लिए पूरी तरह एटीएम पर निर्भर रहते हैं।

मांग और आपूर्ति में भारी अंतर-

कैटमी (CATMi) ने बताया है कि रिजर्व बैंक (RBI) के करेंसी चेस्ट और बैंक शाखाओं से एटीएम में डालने के लिए पर्याप्त कैश नहीं मिल पा रहा है। मार्च और अप्रैल के महीनों में यह संकट बेहद गहरा गया:

महीना जितनी नकदी की जरूरत थी (Indent) जितनी नकदी असल में मिली (Available) आपूर्ति का प्रतिशत (Fulfilment %)
मार्च 94,000 करोड़ 61,000 करोड़ 64%
अप्रैल 94,000 करोड़ 54,000 करोड़ 57%
यह डेटा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ‘करेंसी मैनेजमेंट विभाग’ को भी भेज दिया गया है ताकि स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके।
इन 5 राज्यों में हालात सबसे ज्यादा खराब
कैश की किल्लत से देश के कुछ राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। वहां जरूरत के मुकाबले बेहद कम कैश एटीएम तक पहुंच पा रहा है:
कर्नाटक: केवल 64% कैश मिला।
आंध्र प्रदेश: केवल 61% कैश मिला।
तेलंगाना: केवल 59% कैश मिला।
मिजोरम: केवल 59% कैश मिला।
अरुणाचल प्रदेश: सबसे खराब स्थिति, यहाँ सिर्फ 52% मांग ही पूरी हो सकी।

आखिर क्यों ठप हो रहा है ATM सिस्टम?

इंटरचेंज फीस का कम होना: जब आप अपने बैंक के अलावा किसी दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे निकालते हैं, तो आपका बैंक उस एटीएम कंपनी को ₹19 ‘इंटरचेंज फीस’ (Interchange Fee) देता है। एटीएम कंपनियों का कहना है कि आज के समय में एटीएम चलाने का खर्च इस फीस से कहीं ज्यादा है।

बढ़ती महंगाई और ईंधन के दाम: मध्य पूर्व (West Asia Crisis) में चल रहे तनाव के कारण तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। कैश वैन (जो एटीएम तक पैसे पहुंचाती हैं) को चलाने का खर्च बहुत बढ़ गया है।

न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी: सरकार के नए ‘वेज कोड’ (Code on Wages) के कारण कई राज्यों में कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ानी पड़ी है, जिससे एटीएम सुरक्षा और कैश लोडिंग का खर्च भी बढ़ गया है।

क्या है CATMi?
यह उन सभी कंपनियों का एक संगठन है जो देश में एटीएम मशीनें बनाने, उनमें कैश डालने, सुरक्षा देने और उनके सॉफ्टवेयर को चलाने का काम करती हैं। इनमें ‘व्हाइट-लेबल एटीएम’ (White-label ATMs – जो बैंक के नहीं बल्कि निजी कंपनियों के ATM होते हैं) चलाने वाली कंपनियां भी शामिल हैं।