Punjabi News

Blacklist: अमेरिका की चीन पर बड़ी कार्रवाई, Alibaba, BYD और बायडू को किया ब्लैकलिस्ट

6

बिजनेस डेस्कः अमेरिका और चीन के बीच चल रहे कारोबारी और रणनीतिक तनाव में एक नया मोड़ आ गया। अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने चीन की कई दिग्‍गज कंपनियों को ब्‍लैकलिस्‍ट कर दिया है। इनमें अलीबाबा, बीवाईडी और बायडू शामिल हैं। अमेरिका का आरोप है कि ये दिग्गज कंपनियां असल में चीनी सेना की ताकत बढ़ाने का काम कर रही हैं। चीन ने अमेरिका के इस कदम की निंदा की है, साथ ही जवाबी एक्‍शन की चेतावनी दी है।

हाल में ट्रंप और शी की हुई थी मुलाकात
अमेरिकी रक्षा विभाग ने ये नाम तब जारी किए, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में बीजिंग में चीनी नेता शी जिनपिंग से मुलाकात की थी। दोनों पक्ष आपसी रिश्तों में स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। चीन ने मंगलवार को कहा कि वह कई चीनी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने के अमेरिका के फैसले का ‘कड़ा विरोध’ करता है।

पेंटागन की कार्रवाई का असल कारण
पेंटागन ने सोमवार को अपनी उस सूची को अपडेट किया, जिसमें चीनी सेना से जुड़ी कंपनियों के नाम दर्ज किए जाते हैं। यह लिस्ट पहली बार साल 2021 में तैयार की गई थी। ताज़ा अपडेट के बाद इस लिस्ट में अब 188 कंपनियों के नाम आ चुके हैं, जो साल 2025 में 134 थे। अमेरिकी सरकार का दावा है कि अलीबाबा और बायडू जैसी कंपनियां चीन की ‘मिलिट्री-सिविल फ्यूजन’ रणनीति का हिस्सा हैं।

चीन और कंपनियों का विरोध
अमेरिका के इस फैसले पर चीन ने कड़ा विरोध जताते हुए कानूनी लड़ाई की चेतावनी दी है। वाशिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने इसे भेदभावपूर्ण करार देते हुए कहा कि अमेरिका राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर अपनी हदों को पार कर रहा है।

 

दूसरी तरफ, अलीबाबा ने इन सभी आरोपों को करते हुए कहा है कि कंपनी का किसी भी सैन्य गतिविधिसे कोई संबंध नहीं है, साथ ही उन्होंने इस भ्रामक कार्रवाई के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की बात भी कही है। बायडू ने भी खुद को सैन्य कंपनी बताए जाने को पूरी तरह आधारहीन बताया है। हालांकि, इलेक्ट्रिक कार बाजार की बड़ी खिलाड़ी BYD की ओर से इस मुद्दे पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।