अशोक मित्तल ने पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया 20 लाख रुपये का योगदान, कहा-संकट की घड़ी में पूरा पंजाब एकजुट है
किसी को भी अकेला नहीं छोड़ेंगे, बाढ़ के बाद पंजाब में घर, स्वास्थ्य और उम्मीद को बहाल करने के लिए हमें सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता होगी: मित्तल
चंडीगढ़:
आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के चांसलर अशोक मित्तल ने पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने वाले 43 व्यक्तियों के पारिवारिक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की घोषणा की है। इससे पहले, अशोक मित्तल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और पुनर्वास प्रयासों का समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री राहत फंड में 20 लाख रुपये का योगदान दिया था।
शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए अशोक मित्तल ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया जिसने राज्य के लगभग हर कोने को प्रभावित किया और इसे दशकों में पंजाब में आई सबसे भयानक आपदाओं में से एक बताया। मित्तल ने 43 पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, उन्हें “इस आपदा के शहीद” बताया और उनके परिवारों को आश्वासन दिया कि उन्हें इस दुख की घड़ी में अकेले नहीं छोड़ा जाएगा।
मित्तल ने कहा कि पंजाब हमेशा किसी भी संकट के दौरान, देश या दुनिया में कहीं भी, देश के साथ खड़ा होने वाला सबसे पहला राज्य रहा है। अब, समय आ गया है कि हम एक समुदाय के रूप में पंजाब और अपने लोगों के साथ मजबूती से खड़े हों।
उन्होंने कहा कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 43 शोकग्रस्त परिवारों के एक-एक सदस्य को उसकी योग्यता के आधार पर पक्की नौकरी देगी। हम सभी प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगे, पर मीडिया के माध्यम से मैं यह अपील भी करता हूं कि जिन परिवारों से अभी तक संपर्क नहीं हो सका है, वे स्वयं आगे आएं ताकि उन्हें तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
मित्तल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय प्रयासों के लिए भी प्रशंसा की, जिसमें 196 राहत शिविर स्थापित करना और 20,000 से अधिक लोगों को निकालना शामिल है। उन्होंने ‘आप’ वॉलंटियर, विधायकों, मंत्रियों, गैर-सरकारी संगठनों, धार्मिक संस्थानों, सेना और एनडीआरएफ के अथक कार्य की सराहना की, जो बचाव और राहत कार्यों में सबसे आगे रहे हैं।
जैसा कि राज्य अब पुनर्वास की दीर्घकालिक चुनौतियों के लिए तैयारी कर रहा है, जिसमें घरों का पुनर्निर्माण, खेतों की जमीन को बहाल करना, चिकित्सा सहायता प्रदान करना और आजीविका को पुनर्जीवित करना शामिल है, के लिए मित्तल ने समाज के सभी वर्गों से सामूहिक प्रयासों और समर्थन की मांग की।
उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने लोग और अपना रोजगार दोनों खो दिए हैं, उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। हम सब मिलकर जीवन, अपना राज्य और उम्मीद को फिर से खड़ा करेंगे।
बाक्स हेतु
अरविंद केजरीवाल ने अशोक मित्तल की पहल को सराहा, कहा- दुखी परिवारों को नौकरी देना उम्मीद की किरण
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप के सांसद अशोक मित्तल द्वारा पंजाब की विनाशकारी बाढ़ में अपनी जान गंवाने वाले 43 व्यक्तियों के परिवार के सदस्य को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में स्थायी नौकरियां देने की घोषणा की सराहना की।
केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, आप सांसद अशोक मित्तल जी का यह कदम दिल को छू लेने वाला है। उनके जज़्बे को पूरा पंजाब सलाम करता है। संकट की इस घड़ी में किसी पीड़ित परिवार को रोज़गार देना, उनके टूटे हुए हौसलों को फिर से मज़बूत करने जैसा है।
पंजाब की मिट्टी ने हमेशा सिखाया है कि संकट चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, हिम्मत, भाईचारे और एक दूसरे का हाथ थाम कर उसका सामना किया जा सकता है। यही जज़्बा आज भी हर दिल में ज़िंदा है।
मुझे पूरा विश्वास है कि इस सामूहिक ताक़त और इंसानियत के बल पर पंजाब न सिर्फ़ इस त्रासदी से उभरेगा बल्कि पहले से और मज़बूत होकर ऊपर उठेगा।











