Punjabi News

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित भगवंत मान सरकार द्वारा 1 दिसंबर से 400 किलोमीटर लंबी विशाल बठिंडा-खुरालगढ़ शोभा यात्रा सजाई जाएगी

7
  • पंजाब भर से गुजरने वाली 400 किलोमीटर लंबी आध्यात्मिक यात्रा 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब में होगी संपन्न
  • संत निर्मल दास जी के नेतृत्व में तीन दिवसीय शोभा यात्रा मालवा और पुआध क्षेत्रों के 16 प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी
  • 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब में चार विशाल शोभा यात्राओं का होगा ऐतिहासिक संगम, 4 से 6 दिसंबर तक होंगे राज्य स्तरीय समारोह
  • डॉ. बलजीत कौर बठिंडा से यात्रा को करेंगी रवाना; हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, बरिंदर कुमार गोयल और गुरमीत सिंह मीत हेयर लहरागागा में करेंगे स्वागत
  • स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह पटियाला में शोभा यात्रा के भव्य स्वागत की करेंगे अगुवाई

चंडीगढ़:श्री गुरु रविदास जी महाराज द्वारा दिए गए समानता, करुणा और सामाजिक न्याय के शाश्वत दर्शन को ऐतिहासिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भगवंत मान सरकार 1 दिसंबर से 3 दिसंबर, 2026 तक विशाल बठिंडा-खुरालगढ़ शोभा यात्रा (रूट-3) का आयोजन करने जा रही है। श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्यव्यापी समारोहों के हिस्से के रूप में सजाई जाने वाली यह तीन दिवसीय पवित्र शोभा यात्रा पवित्र तपस्थली खुरालगढ़ साहिब पहुंचने से पहले पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

आध्यात्मिक नेतृत्व और बठिंडा से औपचारिक रवाना

पवित्र बठिंडा-खुरालगढ़ शोभा यात्रा का आध्यात्मिक नेतृत्व संत निर्मल दास जी करेंगे। इस दौरान वे लाखों श्रद्धालुओं को दुखों, असमानता और भेदभाव से मुक्त एक सद्भावनापूर्ण समाज ‘बेगमपुरा’ के सार्वभौमिक संदेश से प्रेरित करेंगे।

1 दिसंबर, 2026 को बठिंडा से शोभा यात्रा की भव्य शुरुआत के अवसर पर पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक तथा सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर विशेष रूप से शामिल होंगी। संत समाज और स्थानीय संगत के साथ मिलकर वे गुरबाणी कीर्तन, फूलों की वर्षा तथा पारंपरिक श्रद्धा एवं उत्साह के बीच इस यात्रा को औपचारिक रूप से रवाना करेंगी। इसी के साथ इस एकता और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत यात्रा का शुभारंभ होगा।

यात्रा मार्ग में कैबिनेट मंत्रियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत

पंजाब की श्रद्धा और सामाजिक एकता की भावना को प्रदर्शित करते हुए वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री और निर्वाचित प्रतिनिधि निर्धारित प्रमुख पड़ावों पर पूरे मान-सम्मान के साथ शोभा यात्रा का स्वागत करेंगे।

पहला पड़ाव: लहरागागा (संगरूर)

यात्रा का पहला चरण पूरा करके संगरूर जिले के लहरागागा पहुंचने पर शोभा यात्रा का पंजाब के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत तथा प्रशासनिक सुधार मंत्री अमन अरोड़ा, जल संसाधन एवं भूमि तथा जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

दूसरा पड़ाव: पटियाला

जब यह शोभा यात्रा अपने दूसरे प्रमुख पड़ाव के लिए शाही शहर पटियाला में प्रवेश करेगी, तब पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री डॉ. बलबीर सिंह श्रद्धालुओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ मिलकर शोभा यात्रा के स्वागत की अगुवाई करेंगे।

400 किलोमीटर का पूरा मार्ग और चरणबद्ध विवरण

तीन दिनों में लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले रूट-3 की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की गई है कि यह मालवा और पुआध क्षेत्रों के प्रमुख शहरों और जिलों को आपस में जोड़ेगा, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की संगत रास्ते में नतमस्तक हो सके।

शोभा यात्रा का पूरा क्रम इस प्रकार होगा:

बठिंडा → रामपुरा फूल → बरनाला → धूरी → संगरूर → सुनाम → लहरागागा (पहला पड़ाव) → दिड़बा → भवानीगढ़ → पटियाला (दूसरा पड़ाव) → फतेहगढ़ साहिब → मोरिंडा → रूपनगर बाईपास → बलाचौर → गढ़शंकर → खुरालगढ़।

चरणबद्ध दूरी का विवरण निम्नलिखित है:

पहला चरण: बठिंडा से लहरागागा (लगभग 160 किलोमीटर)
यह शोभा यात्रा बठिंडा से शुरू होकर रामपुरा फूल, बरनाला, धूरी, संगरूर और सुनाम से होते हुए अपने पहले प्रमुख पड़ाव लहरागागा पहुंचेगी।
दूसरा चरण: लहरागागा से पटियाला (लगभग 83 किलोमीटर)
लहरागागा से शोभा यात्रा दिड़बा और भवानीगढ़ से होते हुए अपने दूसरे प्रमुख पड़ाव पटियाला पहुंचेगी।
तीसरा चरण: पटियाला से खुरालगढ़ (लगभग 150 किलोमीटर)
पटियाला से यह यात्रा फतेहगढ़ साहिब, मोरिंडा, रूपनगर बाईपास, बलाचौर और गढ़शंकर से होते हुए अपने अंतिम गंतव्य खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
बठिंडा से खुरालगढ़ तक की यह संपूर्ण यात्रा पंजाब के 16 प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए लगभग 400 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

खुरालगढ़ साहिब में चार विशाल शोभा यात्राओं का ऐतिहासिक संगम

3 दिसंबर, 2026 को बठिंडा-खुरालगढ़ शोभा यात्रा खुरालगढ़ साहिब में एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक संगम के रूप में संपन्न होगी, जहां यह 650वें प्रकाश पर्व समारोहों को समर्पित तीन अन्य विशाल शोभा यात्राओं के साथ आ मिलेगी।

चारों शोभा यात्राएं और उनके आध्यात्मिक नेतृत्वकर्ता इस प्रकार हैं:
* वाराणसी से मुख्य मार्ग: 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक, संत निरंजन दास जी (डेरा बल्लां) के नेतृत्व में।

* फरीदकोट मार्ग: 2 दिसंबर से 3 दिसंबर तक, संत केवल सिंह जी के नेतृत्व में।
* जम्मू मार्ग: 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक, संत गुरदीप गिरी जी के नेतृत्व में।
* बठिंडा-खुरालगढ़ मार्ग: 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक, संत निर्मल दास जी के नेतृत्व में।

इन चारों शोभा यात्राओं का ऐतिहासिक संगम 4 दिसंबर से 6 दिसंबर, 2026 तक खुरालगढ़ में आयोजित होने वाले श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के तीन दिवसीय विशाल राज्य स्तरीय समारोहों का शुभारंभ करेगा।

4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह

इन विशाल समारोहों में श्री अखंड पाठ साहिब, संत सम्मेलन, कथा एवं कीर्तन दरबार, श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और दर्शन पर आधारित प्रदर्शनियां तथा बेगमपुरा समारोह शामिल होंगे।

पंजाब भर की संगतों को शोभा यात्रा के मार्ग में शामिल होने और खुरालगढ़ साहिब में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक समारोहों में शिरकत करने के लिए हार्दिक आमंत्रण दिया जाता है, ताकि वे आस्था, सामुदायिक एकता और मानवीय गरिमा के इस युगांतरकारी एवं अनूठे आयोजन का हिस्सा बन सकें।