Punjabi News

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट पर जयराम रमेश का हमला, कहा- दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक हो

5

नई दिल्ली । कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तिकड़ी ने अयोध्या में राम मंदिर का प्रबंधन करने वाले ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भागीदारी और गतिविधियों पर पर्दा डालने का काम किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच हो और जांच का दायरा ट्रस्ट की कार्यप्रणाली एवं सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों तक होना चाहिए तथा विशेष जांच दल (एसआईटी) को सीधे और केवल उच्चतम न्यायालय को रिपोर्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री द्वारा चुने गए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़े पदाधिकारियों वाले ट्रस्ट ने देशवासियों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि अब बार-बार यह साबित हो रहा है कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की तिकड़ी ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भागीदारी और उनकी गतिविधियों पर पर्दा डालने का काम किया है। रमेश ने दावा किया कि ताजा खुलासे के मुताबिक, चंपत राय के नेतृत्व में पहले शिरडी साई मंदिर, तिरुपति बालाजी मंदिर और अन्य मंदिरों की दान व्यवस्था का अध्ययन किया गया था।

धन जमा कराने की जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई?

उन्होंने सवाल किया कि जब दूसरे मंदिरों की दान व्यवस्था का अध्ययन किया गया था, तो अयोध्या के राम मंदिर में पारदर्शी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई, और दान की गिनती, सुरक्षा और बैंक में धन जमा कराने की जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई? कांग्रेस महासचिव ने यह भी सवाल किया कि क्या ट्रस्ट को पारदर्शी व्यवस्था के उपायों की जानकारी होने के बावजूद जानबूझकर चढ़ावे की चोरी होने दी गई। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की चोरी के कई गंभीर मामले सामने आने के बाद केवल कर्मचारियों को आरोपी बनाकर ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही से बचा नहीं जा सकता। रमेश ने कहा, ”भाजपा, आरएसएस और विहिप को भगवान राम के मंदिर से हुई चढ़ावे की चोरी का जवाब देना ही होगा।” उन्होंने मांग की कि राम मंदिर में चढ़ाए गए धन का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि आस्था के साथ जवाबदेही भी अनिवार्य है।