शिमला (ब्यूरो): भाजपा नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने नादौन बीडीसी के उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत को कांग्रेस सरकार का कांऊटडाऊन शुरू होना बताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चुनाव टालने के बावजूद कांग्रेस अपनी रणनीति में सफल नहीं हो पाई। सुधीर शर्मा ने शिमला से जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं था और आखिरकार चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने इसे कांग्रेस के प्रति बढ़ते असंतोष का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संख्या बल और जनमत का सम्मान सर्वोपरि होता है। चुनावी प्रक्रिया को लंबे समय तक टालने से वास्तविक राजनीतिक परिस्थितियां नहीं बदलतीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जिस व्यवस्था परिवर्तन का दावा करती रही है, वह अब व्यवस्था पतन में परिवर्तित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बजाय अपनी राजनीतिक स्थिति संभालने में जुटी हुई है।



















