Punjabi News

SBI Recruitment: SBI में नौकरी पाने का सुनहरा मौका, 1,540 जूनियर एसोसिएट्स की भर्ती का ऐलान

8

नई दिल्लीः भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए विशेष भर्ती अभियान के तहत 1,540 जूनियर एसोसिएट्स की भर्ती की बृहस्पतिवार को घोषणा की। ये पद लंबे समय से रिक्त हैं। एसबीआई ने बयान में कहा कि ये भर्तियां वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान लिपिकीय और अधिकारी संवर्ग में करीब 11,000 से 12,000 कर्मचारियों की नियुक्ति करने की उसकी व्यापक योजना का हिस्सा हैं।

बैंक ने इस वर्ष अपने शाखा नेटवर्क में करीब 200 से 250 नई शाखाएं जोड़ने का भी लक्ष्य रखा है। यह भर्ती योजना बैंक की वृद्धि संबंधी रणनीति के अनुरूप है। एसबीआई के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा, ”बैंक का ध्यान व्यवस्थित प्रशिक्षण और कौशल विकास के जरिये प्रतिभाओं को निखारने तथा बदलती ग्राहक अपेक्षाओं को पूरा करने में सक्षम कर्मचारियों को तैयार करने पर है। इसके लिए प्रौद्योगिकी प्रगति का भी लाभ उठाया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप लंबे समय से रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने के लिए बैंक ने विशेष भर्ती अभियान शुरू किया है। बैंक ने बयान में कहा कि ग्राहक सहायता और बिक्री विभाग में नए जूनियर एसोसिएट्स की नियुक्ति से ग्राहकों को सेवाएं देने की उसकी क्षमता बढ़ेगी। इससे शाखाओं का कामकाज अधिक कुशल होगा और बैंक के व्यापक नेटवर्क में सुलभ, त्वरित तथा निर्बाध बैंकिंग सेवाएं सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। चयन प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा 16 सितंबर को और मुख्य परीक्षा 29 अक्टूबर को आयोजित की गई थी। एसबीआई देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में से एक है और उसके कुल कर्मचारियों की संख्या 2.47 लाख है।