उत्तराखंड से मंगलवार को सुबह-सुबह बड़ा हादसा पेश आया। राज्य के टिहरी गढ़वाल जिले में गुलार बाजार के पास एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस एक पुल से लगभग 100 मीटर नीचे जा गिरी, जिसके बाद आपदा प्रबंधन टीमों और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बचाव अभियान जारी
टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने जानकारी साझा की है और बताया है कि मौके पर रेस्क्यु अभियान जारी है। बताया गया है कि गुलार बाजार के पास एक बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर, ब्यासी और ढालवाला स्थित SDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में लगभग 30-35 यात्री सवार थे। करीब 20 घायल यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला स्थित राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे भी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गई हैं। बचाव अभियान जारी है और टीमें उन लोगों को खोजने और बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं जो अभी भी फंसे हो सकते हैं। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इस बारे में और जानकारी का इंतज़ार है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, ये हादसा ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह तकरीबन 4 बजकर 30 पर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 30 से 35 लोग सवार थे जो ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस गूलर, शिवपुरी के पास अनित्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य 20 घायल हो गये।
पीएम मोदी ने जताया दुख
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक हादसे के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”





















