चंडीगढ़ : पंजाब के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) द्वारा एक विशेष एकमुश्त निपटान (ओटीएस) योजना लागू की जा रही है।
यह योजना घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसके माध्यम से वे बिना किसी विलंब भुगतान सरचार्ज या ब्याज के अपने बिजली बिलों के बकाया का भुगतान कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करना और उन्हें उपभोक्ता हितैषी एवं सुविधाजनक प्रक्रिया के माध्यम से अपने लंबित बिजली बिलों का निपटान करने में सक्षम बनाना है।
बिजली मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के लोगों को राहत और सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस विशेष निपटान योजना के माध्यम से हम घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को जुर्माने और ब्याज के अतिरिक्त बोझ के बिना अपने बकाया बिलों का भुगतान करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी उपभोक्ताओं के लिए अपने बिजली खातों का निपटान करने में बाधा न बने।”
कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि जिन घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया हैं, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, चाहे उनका बिजली कनेक्शन वर्तमान में चालू हो या काट दिया गया हो।
उन्होंने कहा कि यह योजना वाणिज्यिक सर्कुलर जारी होने की तारीख से 45 दिनों तक लागू रहेगी। इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को केवल वास्तविक बकाया राशि (मूल राशि) का भुगतान करना होगा, जबकि 100 प्रतिशत एलपीएस/एलपीआई (देर से बिल भुगतान करने पर लगाया जाने वाला सरचार्ज/ब्याज) माफ कर दिया जाएगा।
बिजली मंत्री ने बताया कि इस एकमुश्त निपटान योजना के तहत उपभोक्ता किस्तों में भी भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें 25 प्रतिशत राशि तत्काल जमा करवानी होगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत राशि अधिकतम छह मासिक किस्तों में अदा की जा सकेगी।
स. सौंद ने बताया कि इस योजना से लगभग 24.86 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। बिजली बिलों की कुल बकाया राशि लगभग 2,516 करोड़ रुपये है, जिसमें से 518 करोड़ रुपये माफ किए जाने की संभावना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह योजना अधिसूचना जारी होते ही तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी और 45 दिनों तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ केवल 31 मार्च, 2026 या इससे पहले के लंबित बिजली बिलों पर ही मिलेगा।
स. तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पीएसपीसीएल द्वारा अगले सात दिनों के भीतर सभी पात्र उपभोक्ताओं को विशेष ओटीएस बिल भेजकर इस योजना की जानकारी दी जाएगी। इन बिलों में बकाया राशि, माफ किए गए जुर्माने तथा ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए भुगतान की जाने वाली शेष राशि का पूरा विवरण दिया जाएगा। जैसे ही उपभोक्ता बकाया राशि का ऑनलाइन भुगतान करेंगे, उनका बिल स्वतः अपडेट हो जाएगा और भुगतान का विवरण ऑनलाइन पोर्टल के साथ-साथ संशोधित बिल में भी दिखाई देगा।




















