असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हो गए। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा काजीरंगा के पास रोंगाजन में हुआ. गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि मिनी ट्रैवलर बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री मलबे में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया, “हमें शुरुआती जानकारी मिली है कि इस हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई है। हम सभी मौके पर मौजूद हैं और टेम्पो ट्रैवलर से शव निकाले जा रहे हैं; इसलिए, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।”
घायलों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई लोगों की हालत बहुत गंभीर बताई जा रही है।
उन्होंने आगे कहा, “मिनी ट्रैवलर बस बहुत तेज़ रफ़्तार से चल रहा था और पार्क के पास लागू नियमों का उल्लंघन कर रहा था। हमारा मानना है कि यह हादसा तब हुआ जब टेम्पो ट्रैवलर का ड्राइवर अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई।” घटनास्थल पर अभी भी बचाव कार्य चल रहा है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “काजीरंगा में हुई इस दुखद घटना ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा असम राज्य उनके साथ खड़ा है।”






















