पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि झारखंड के खूंटी जिले में एक “अनियंत्रित तेज़ रफ़्तार ट्रक” की चपेट में आने से कम से कम सात लोगों की जान चली गई।
यह घटना गुरुवार रात को कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर हुई, जो कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। वहां एक स्कूटी से जुड़े किसी अन्य हादसे के बाद लोग मौके पर जमा हुए थे, तभी एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
पुलिस ने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इनकी पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मन्हु देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, टुटी कुमारी और सौरभ नायक के रूप में हुई है।
खुशबू कुमारी नाम की एक महिला घायल हो गई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में एक दुखद सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग ने बताया कि एक स्कूटी सवार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वहां कई लोग जमा हो गए थे, जिन्हें तेज रफ्तार एक ट्रक ने कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे कुछ लोग एक दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी सवार की मदद करने के लिए मौके पर इकट्ठा हुए थे। उन्होंने बताया कि स्कूटी सवार का संतुलन बिगड़ गया था और वह ‘जोन-लुद्रू’ मोड़ के पास झाड़ियों में जा गिरा था, जिसके बाद स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए वहां पहुंचे।
जब वे उसकी मदद कर रहे थे, तभी तोरपा की तरफ से ‘JH 02 AJ 1377’ नंबर प्लेट वाला एक तेज़ रफ़्तार ट्रक आया और उन्हें कुचल दिया, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। घायलों को खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां 12 वर्षीय सौरभ की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या सात हो गई है।
पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद ही इस बारे में और जानकारी सामने आएगी।
पीएम मोदी और सीएम सोरेन ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी में हुई इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।





















