सोनीपत: हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। सोनीपत एसटीएफ (STF) और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी रोहित (उर्फ बूरा) को गिरफ़्तार किया है।
शनिवार रात एक सीक्रेट इनपुट के आधार पर घेराबंदी की। सोनीपत STF, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। बरोटा-छतेहरा रोड पर हुई इस मुठभेड़ में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल बदमाश की पहचान सोनीपत के लादपुर (राई) निवासी रोहित (उर्फ बूरा) के तौर पर हुई है। उस पर लूट और हत्या की कोशिश समेत आधे दर्जन से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विपिन अहलावत ने बताया, “सोनीपत STF और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प-शूटर रोहित उर्फ ’बूरा’ को गिरफ़्तार किया है। बदमाश ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान रोहित के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे घायल हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।”
ACP ने आगे कहा, “पुलिस ने मौके पर रोहित के पास से एक अवैध हथियार, एक मोटरसाइकिल और एक बैग बरामद किया। पुलिस टीम अब घायल बदमाश के पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसके गैंग से जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।”














