Punjabi News

Amravati Hospital Fire: अमरावती के अस्पताल में भीषण हादसा, चाइल्‍ड वॉर्ड में फटा वेंटिलेटर, 3 नवजातों की मौत

10

महाराष्ट्र के अमरावती में ज़िला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट SNCU/NICU) में आज सुबह (सोमवार) करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में झुलसने से तीन मासूम नवजातों की मौत हो गई.

शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, आग अस्पताल के तीसरी मंज़िल पर बने नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में अचानक वेंटिलेटर फटने से लगी. उस समय NICU में 39 नवजात बच्चों का इलाज चल रहा था। किसी बच्चे का जन्म कुछ घंटे पहले तो किसी का 1 या 2 दिन पहले ही हुआ था। आग लगने के तुरंत बाद डॉक्टर, नर्स और अस्पताल के स्टाफ़ ने तुरंत बच्चों को NICU से बाहर निकाला। इस घटना में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ़्ट किया गया। घटना की वजह की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि NICU में एक वेंटिलेटर में ज़बरदस्त धमाका हुआ और आग लग गई। डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने ज़्यादातर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें आग और धुएं से दूर सुरक्षित जगह पर पहुँचाया।

अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के मुताबिक, NICU के तीन सेक्शन में से एक में नौ नवजात बच्चे भर्ती थे। उनमें से तीन की आग लगने से मौत हो गई, जबकि बाकी छह को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ़्ट कर दिया गया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। फडणवीस ने कहा कि लापरवाही के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव को आज अमरावती जाकर हालात का जायज़ा लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने मारे गए नवजात बच्चों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।