Punjabi News

भारत-न्यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक FT समझौता, PM मोदी बोले-खुलेगा निवेश और व्यापार के नए द्वार

15

International Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (FTA) दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई गहराई और गति देगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से बाजार तक पहुंच, निवेश, सेवाओं, प्रौद्योगिकी और प्रतिभाओं के आदान-प्रदान के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने यह बात न्यूजीलैंड में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों और चुनिंदा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) के साथ बातचीत के दौरान कही।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में 18 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) के स्तर तक ले जाने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ऑकलैंड पहुंचे। करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है। यह दौरा हाल ही में दोनों देशों के बीच हुए FTA पर हस्ताक्षर के बाद हो रहा है।

व्यापार जगत को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत आर्थिक साझेदारी से उद्योगों, नवाचारकर्ताओं और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि भारत की तेज आर्थिक वृद्धि, युवा कार्यबल, डिजिटल क्रांति और लगातार हो रहे आर्थिक सुधार न्यूजीलैंड की कंपनियों के लिए निवेश के बड़े अवसर उपलब्ध कराते हैं। पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के निवेशकों को भारत में इन्फ्रास्ट्रक्चर, नागरिक उड्डयन, लॉजिस्टिक्स, स्वच्छ ऊर्जा, शहरी परिवहन, जल प्रबंधन, कचरा प्रबंधन और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने दोनों देशों के निजी क्षेत्र से स्टार्टअप, फिनटेक और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने की भी अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड की डेयरी, बागवानी और वानिकी क्षेत्र की विशेषज्ञता तथा भारत के विशाल उपभोक्ता बाजार, फूड पार्क और कृषि-प्रौद्योगिकी क्षमता को जोड़कर वैश्विक खाद्य मूल्य श्रृंखला विकसित की जा सकती है। प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से निवेश और व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि दोनों देश 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को करीब 35,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड आर्थिक साझेदारी भविष्य में समावेशी, टिकाऊ और नवाचार आधारित विकास का मजबूत मॉडल बन सकती है।