
International Desk: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने वाले केरल के दो भारतीयों की किस्मत चमक गई है। दुबई ड्यूटी फ्री मिलेनियम मिलियनेयर ड्रॉ में दोनों ने 1-1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 9.5 करोड़ रुपए) का इनाम जीता है। इस जीत के बाद दोनों भारतीय इस प्रतिष्ठित लॉटरी के नए मिलियनेयर बन गए हैं।पहले विजेता 48 वर्षीय कबीर पूवाथिंगल हैं, जो पिछले 22 वर्षों से UAE में रह रहे हैं और अबू धाबी में एविएशन ऑपरेटर के रूप में काम करते हैं। उन्होंने 13 जून को ऑनलाइन खरीदे गए टिकट नंबर 3471 के जरिए यह इनाम जीता। कबीर पांच बच्चों के पिता हैं और पिछले 12 वर्षों से लगातार इस ड्रॉ में हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्षों की कोशिश के बाद मिली यह जीत उनकी जिंदगी बदलने वाली है।
दूसरे विजेता 30 वर्षीय मोहम्मद शिबिल थय्यिल हैं, जो अक्टूबर 2025 में UAE आए थे और शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री जोन में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने 18 जून को ऑनलाइन खरीदे गए टिकट नंबर 4832 से 1 मिलियन डॉलर का इनाम जीता। शिबिल के लिए यह जीत और भी खास है, क्योंकि उनकी शादी को अभी सिर्फ एक महीना हुआ है। उन्होंने बताया कि यह उनका केवल दूसरा टिकट था और इतनी जल्दी करोड़पति बनने की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा, “यह मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशखबरी है। मैं दुबई ड्यूटी फ्री का दिल से धन्यवाद करता हूं।”
रिपोर्ट के अनुसार, 1999 में शुरू हुए दुबई ड्यूटी फ्री मिलेनियम मिलियनेयर प्रमोशन में अब तक 278वें और 279वें भारतीय नागरिक इस ड्रॉ के विजेता बने हैं। भारतीय इस लॉटरी में सबसे अधिक टिकट खरीदने वाले विदेशी समुदायों में शामिल हैं। इसी कार्यक्रम के फाइनेस्ट सरप्राइज रैफल में एक अन्य भारतीय प्रवासी कौशल वेद ने मर्सिडीज-बेंज S500 कार जीती। वहीं, कुवैत में रहने वाले एक कनाडाई नागरिक ने अप्रिलिया RSV4 1100 सुपरबाइक अपने नाम की।












