मुंबईः वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 524.64 अंक चढ़कर 76,725.32 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 121.15 अंक की बढ़त के साथ 23,945.25 अंक पर कारोबार कर रहा है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 187.63 अंक उछला, जबकि निफ्टी में 57.75 अंक की बढ़त रही।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। वहीं मारुति, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और टाटा स्टील के शेयर में गिरावट रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ जबकि जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को तेज गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कम्पोजिट 2.21 प्रतिशत टूटा जबकि एसएंडपी 500 में 1.44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स मंगलवार को 893.39 अंक और निफ्टी 278.80 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.29 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 17.86 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।













