कैथल : कैथल जिले में कच्ची शराब तैयार करने और लाहण को छिपाने का बेहद शातिर तरीका सामने आया है। एक व्यक्ति ने बेडरूम में बेड के नीचे ही 500-500 लीटर की 3 टंकियां दबाकर लाहण से भर रखी थी। इन टंकियों के ऊपर टाइल्स लगा रखी थी।
मंगलवार को सिटी थाना पुलिस ने आरोपी के घर रेड मारी। पहले कमरे की तलाशी ली फिर फर्श का कुछ हिस्सा खोखला महसूस हुआ। इसके बाद पुलिस खुद ही छैनी-हथौड़ा लेकर टाइल तोड़ने लगी। फर्श के नीचे पुलिस को तीनों टंकियों से करीब 400 लीटर लाहण बरामद हुई है। इस मामले में आरोपी अमरीक उर्फ जोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों टंकियों को भी नष्ट कर दिया गया है।













