Punjabi News

Punjab: गैस सिलेंडर को लेकर बड़ी चेतावनी, उपभोक्त हो जाएं Alert! बेहद सावधान रहने की सलाह

10

लुधियाना : आगामी बरसाती मौसम को देखते हुए घरेलू गैस उपभोक्ताओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में दावा किया गया है कि गैस सिलैंडरों के निचले हिस्से में बने लोहे के कड़े (रिंग) में सांप और अन्य जहरीले जीव छिप सकते हैं, जो सिलैंडर के साथ घरों और रसोईघरों तक पहुंचने का खतरा पैदा कर सकते हैं।

वायरल वीडियो में एक गैस सिलैंडर के निचले हिस्से में छिपा सांप फन फैलाते हुए दिखाई दे रहा है। इसी के मद्देनजर लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि गैस सिलैंडर की डिलीवरी लेते समय उसके निचले हिस्से की अच्छी तरह जांच करवा लें। जानकारों के अनुसार गैस कंपनियों के कई प्लांट और गोदाम खुले क्षेत्रों में स्थित होते हैं, जहां आसपास झाड़ियां, पेड़-पौधे और खाली स्थान होने के कारण बरसात के मौसम में सांप, बिच्छू, मेंढक और अन्य जीव-जंतु पहुंच जाते हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामले आम नहीं होते, लेकिन सावधानी बरतना हमेशा बेहतर रहता है।

सुरक्षा हर मामले में जरूरी : गौरव हांडा
अवतार गैस इंटरप्राइजेज के प्रमुख संचालक गौरव हांडा ने कहा कि बरसाती मौसम में सांप, मेंढक, बिच्छू और अन्य जीव-जंतु खुले स्थानों से निकलकर विभिन्न जगहों पर पहुंच जाते हैं। ऐसे में यदि कोई जीव गैस सिलैंडर के निचले हिस्से में बने कड़े में छिप जाए तो इसे पूरी तरह असंभव नहीं कहा जा सकता। उन्होंने बताया कि गैस कम्पनियों के प्लांटों में सिलैंडरों की मशीनों द्वारा जांच की जाती है और एजैंसी स्तर पर भी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है। इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।