Chamba Road Accident : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार रात को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 800 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।
कार के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, हादसा पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-154ए) पर बनीखेत के समीप छतरी मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना का शिकार हुआ वाहन रात के समय चंबा की तरफ से आ रहा था। बताया जा रहा है कि छतरी मोड़ के पास पहुंचते ही चालक अचानक वाहन पर से अपना संतुलन खो बैठा, जिससे कार सड़क से करीब 800 फुट नीचे लुढ़कते हुए चौहड़ा जोड़ने वाली निचली सड़क पर जाकर रुकी। इस खौफनाक हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचित किया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, सूचना मिलते ही डलहौजी के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मयंक शर्मा टीम के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया। वहीं, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जाएगा और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक शिनाख्त के आधार पर पुलिस ने बताया कि दुर्घटना का शिकार हुए दोनों मृतक जिला चंबा के सरू क्षेत्र के रहने वाले थे। परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत छानबीन शुरू कर दी है।



















