बिजनेस डेस्कः मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होमुर्ज स्ट्रेट के बंद होने की वजह से ईंधन और एलपीजी की आपूर्ति में आई कमी का सीधा असर गैस की कीमतों पर पड़ रहा है। इसी के चलते 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस साल लगातार 7वीं बार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमतें
देश की राजधानी दिल्ली में जून महीने में कमर्शियल सिलेंडर के दाम ₹42 बढ़कर ₹3,113.50 हो गए हैं। कोलकाता में ₹53.50 की बढ़ोतरी के साथ कीमतें ₹3,255.50 प्रति सिलेंडर तक पहुंच गई हैं। पिछले 6 महीनों में दिल्ली में कमर्शियल गैस के दाम में 97 फीसदी (₹1,533) का भारी इजाफा देखा गया है, जो कि ऐतिहासिक है। अकेले मई महीने में ही इसमें ₹993 की बड़ी वृद्धि हुई थी।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत
महंगाई के इस दौर में मिडिल क्लास के लिए राहत की खबर यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत ₹913, कोलकाता में ₹939, मुंबई में ₹912.50 और चेन्नई में ₹928.50 पर स्थिर है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आखिरी बार 7 मार्च को बदले गए थे।
छोटू सिलेंडर हुआ महंगा
कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो वाले ‘छोटू सिलेंडर’ की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में इसके दाम ₹11 बढ़कर ₹821.50 हो गए हैं, जो 1 जून से प्रभावी हैं।















