Punjabi News

हंसता खेलता परिवार उजड़ा…फरीदाबाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत 4 लोगों पर केस दर्ज

13

फरीदाबाद : फरीदाबाद के सेक्टर-7 क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने इस मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बता दे कि मृतका की पहचान सविता तेवतिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सविता की शादी करीब 18 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र के नगला गांव निवासी संदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-7 में रह रहे थे। सविता और उसका पति संदीप घर पर बच्चों को कोचिंग पढ़ाने का काम करते थे। इस दौरान उनके दो बच्चे भी हुए और परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि कोचिंग पढ़ने आने वाली एक छात्रा के साथ संदीप के कथित अवैध संबंध बन गए थे। उनका कहना है कि जब यह संबंध शुरू हुआ तब छात्रा नाबालिग थी और समय के साथ दोनों के बीच संबंध और गहरे होते चले गए। परिजनों के अनुसार इस बात को लेकर सविता और संदीप के बीच कई बार विवाद हुआ, लेकिन इसके बावजूद संदीप ने कथित रूप से अपने संबंध समाप्त नहीं किए।

परिजनों का आरोप है कि अब युवती एक निजी कंपनी में नौकरी करती है, लेकिन उसके और संदीप के बीच संबंध लगातार बने हुए थे। उन्होंने बताया कि कई बार इस संबंध की शिकायत संदीप के माता-पिता से भी की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि युवती खुलेआम सविता को धमकाती थी और कहती थी कि वह संदीप के साथ ही रहेगी। इन घटनाओं के कारण सविता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

 

मृतका के भाई और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया है कि सविता की मौत सामान्य नहीं है और उसके पति, कथित प्रेमिका तथा प्रेमिका के परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या की है। उनका कहना है कि घटना के बाद से संदीप फरार है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं दूसरी ओर मृतका के ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन वह, उनकी पत्नी और उनका बेटा संदीप अपने एक रिश्तेदार के निधन पर जेवर गए हुए थे। घर पर सविता अकेली थी, जबकि मकान में निर्माण कार्य चल रहा था और एक मजदूर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि दिन में दो बार उनकी सविता से फोन पर बातचीत हुई थी।

सुरेंद्र कुमार के अनुसार कुछ घंटों बाद घर पर काम कर रहे मजदूर ने फोन कर बताया कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है। इसके बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को घर भेजा। जब पड़ोसी ने घर जाकर देखा तो सविता फंदे पर लटकी हुई थी। सूचना मिलने पर परिवार फरीदाबाद पहुंचा और सविता को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी कहा कि घटना के बाद अस्पताल में मृतका के परिजनों ने संदीप पर हमला करने का प्रयास किया, जिसके चलते वह वहां से चला गया। इसी वजह से वह पोस्टमार्टम के दौरान भी मौजूद नहीं रहा। ससुर का कहना है कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और वे निर्दोष हैं।

मामले की जांच कर रहे सेक्टर-7 चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि एक निजी अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।