CNG Price Hike: देशभर में पैट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें जहां आम आदमी की जेब काट रही है वहीं मंगलवार को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने एक बार फिर CNG के दाम बढ़ा दिए। कंपनी ने प्रति किलो सीएनजी पर 2 रुपये की नई बढ़ोतरी लागू की है। इस फैसले के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे पहले यह कीमत 81.09 रुपये थी।
11 दिनों में 6 रुपये महंगी हुई सीएनजी
पिछले कुछ दिनों से सीएनजी की कीमतों में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। बीते 11 दिनों के अंदर यह चौथी बार है जब दाम बढ़ाए गए हैं। इस अवधि में कुल मिलाकर सीएनजी करीब 6 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। इससे दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में भी बड़ी संख्या में वाहन सीएनजी पर चलते हैं। खासतौर पर ऑटो, टैक्सी और कैब सेवाएं काफी हद तक इसी ईंधन पर निर्भर हैं। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अब इन वाहन चालकों की लागत बढ़ेगी, जिसका असर यात्रियों के किराए पर भी दिखाई दे सकता है।
केवल सीएनजी ही नहीं, पेट्रोल और डीजल के दामों में भी तेजी बनी हुई है। सोमवार को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के रेट में बढ़ोतरी की थी। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई, जबकि डीजल भी करीब 95 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने से भारत में ईंधन महंगा हो रहा है। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर अब भारतीय बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ने से आने वाले दिनों में कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है।


















