Punjabi News

पीड़ा पर पड़ा संकल्प भारी: घुटना रिप्लेसमेंट और चोट के बावजूद कृष्ण लाल पंवार ने चुना रेल सफर

8

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “राष्ट्र प्रथम” आह्वान को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे अपने आचरण में भी उतारकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक उन्होंने भारतीय रेल से सफर कर यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है और छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास भी देशहित में बड़ा योगदान दे सकते हैं। कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री की “सात अपीलों” को धरातल पर लागू करना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि ईंधन बचत, सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए जनप्रतिनिधियों को स्वयं उदाहरण बनकर आगे आना चाहिए।

दर्द से ऊपर राष्ट्रहित का संदेश
यह सफर इसलिए भी विशेष माना जा रहा है क्योंकि कृष्ण लाल पंवार हाल ही में दुर्घटना का शिकार हुए हैं और अभी भी चोटिल हैं। इसके अतिरिक्त उनका घुटना रिप्लेस हो चुका है, जिसके कारण सीढ़ियां चढ़ने-उतरने और अधिक चलने में उन्हें भारी तकलीफ का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद उन्होंने सुविधा के बजाय रेल यात्रा को प्राथमिकता देकर यह साबित किया कि जब संकल्प मजबूत हो तो शारीरिक पीड़ा भी कर्तव्य के आगे छोटी पड़ जाती है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उनके इस कदम को प्रधानमंत्री के संदेश के प्रति वास्तविक प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। सामान्यतः वीआईपी संस्कृति के बीच जहां बड़े नेता सड़क या हवाई यात्रा को प्राथमिकता देते हैं, वहीं कृष्ण लाल पंवार का रेल से सफर करना एक सादगीपूर्ण और प्रेरणादायी संदेश माना जा रहा है।

संगठन और नेतृत्व में मजबूत पकड़

कृष्ण लाल पंवार भाजपा के उन वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। भाजपा की लगातार तीसरी सरकार में वह दूसरी बार हरियाणा के कैबिनेट मंत्री बने हैं। इससे पहले वह राज्यसभा सांसद के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साधारण परिवार से निकलकर राजनीति के शीर्ष तक पहुंचे पंवार अपनी सादगी, मधुर व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते हैं। पार्टी संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है और केंद्रीय नेतृत्व में भी उनका प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व के विश्वसनीय सहयोगी

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार कृष्ण लाल पंवार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अत्यंत करीबी नेताओं में शामिल हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ भी उनके बेहद आत्मीय संबंध माने जाते हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में उनकी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक अनुभव उन्हें प्रदेश राजनीति का प्रभावशाली चेहरा बनाता है।

पानीपत से इसराना तक मजबूत जनाधार

मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले से संबंध रखने वाले कृष्ण लाल पंवार ने लंबे समय तक संगठन और जनता के बीच सक्रिय रहकर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई है। वह पहले आरक्षित असंध विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वर्तमान में दूसरी बार इसराना विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनका ताजा रेल सफर केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि यह संदेश है कि जनप्रतिनिधि यदि स्वयं अनुशासन और राष्ट्रहित को जीवन में उतारें तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा सकती है।