Punjabi News

Starbucks Layoffs: स्टारबक्स में छंटनी, 300 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, कई सपोर्ट ऑफिस होंगे बंद

9

बिजनेस डेस्कः कॉफी दिग्गज कंपनी स्टारबक्स ने एक बार फिर बड़े स्तर पर छंटनी का ऐलान किया है। कंपनी ने अमेरिका में 300 कॉर्पोरेट कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की घोषणा की है। इसके साथ ही स्टारबक्स अटलांटा, बरबैंक और शिकागो समेत कई शहरों में अपने कुछ लोकल सपोर्ट ऑफिस भी बंद करने जा रही है।

इन कर्मचारियों पर नहीं पड़ेगा असर
हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले का असर उसके कॉफीहाउस या स्टोर कर्मचारियों पर नहीं पड़ेगा। यह कदम कंपनी की ‘बैक टू स्टारबक्स’ रणनीति के तहत उठाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कारोबार को फिर से मुनाफे की राह पर लाना है।

स्टारबक्स के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी अपने विभिन्न विभागों की गहन समीक्षा कर रही है ताकि कामकाज को सरल बनाया जा सके, लागत कम की जा सके और परिचालन क्षमता बढ़ाई जा सके। कंपनी के मुताबिक छंटनी और ऑफिस स्पेस के पुनर्गठन पर कुल करीब 400 मिलियन डॉलर का खर्च आएगा।

छंटनी का तीसरा दौर
गौरतलब है कि CEO ब्रायन निकोल के नेतृत्व में यह छंटनी का तीसरा दौर है। इससे पहले फरवरी 2025 में कंपनी ने 1,100 नौकरियों में कटौती और कई पदों पर हायरिंग रोकने की घोषणा की थी। इसके बाद पुनर्गठन योजना के तहत 900 और नॉन-रिटेल नौकरियां खत्म करने का फैसला लिया गया था।

स्टारबक्स को हाल के वर्षों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और ग्राहकों की बदलती खर्च प्राथमिकताओं के कारण बिक्री में गिरावट का सामना करना पड़ा है। कंपनी अब अपने कैफे संचालन में सुधार, नए मेन्यू आइटम और स्टोर्स में अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति जैसे कदमों के जरिए कारोबार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।