Punjabi News

हरियाणा में निकाय चुनाव कल; 8.70 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, सैनी-हुड्डा की प्रतिष्ठा दांव पर

11

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में तीन नगर निगमों समेत सात निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं की 528 सीटों पर रविवार को मतदान होगा। मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सबसे अधिक रोचक मुकाबला नगर निगमों में मेयर पद के लिए होगा। तीनों निगमों में दो से तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता आते हैं। शनिवार को राज्य के चुनाव आयुक्त ने प्रदेश के संबंधित जिला उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों से चुनावी तैयारियों के जायजे पर बातचीत की। उधर सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया के लिए जरूरी सामान लेकर मतदान केंद्रों में पहुंच चुकी हैं।

रविवार को नगर निकाय आम चुनावों के तहत प्रदेश के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर समितियों के कुल 144 वार्डों में मतदान करवाया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के लिए 826 संभावित मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन चुनावों में कुल 8,70,925 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 4,53,047 पुरुष, 4,17,841 महिला तथा 37 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

अंबाला, सोनीपत व पंचकूला में मेयर पद के लिए कुल 18 तथा रेवाड़ी में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत आने वाली पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यो की अन्य 528 खाली सीटों के लिए भी उपचुनाव होगा। प्रदेश के सभी सात निकायों में इस समय वार्ड सदस्यों के लिए कुल 557 तथा पंचायत राज संस्थाओं के लिए 601 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका है जब कांग्रेस व भाजपा आमने-सामने हुए हैं। इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेद्र सिंह हुड्डा की प्रतिष्ठा दांव पर हैं।

अंबाला नगर निगम में कुल 20 वार्डों के लिए 191 मतदान केंद्रों पर 1,98,224 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1,02,654 पुरुष, 95,550 महिला तथा 20 अन्य मतदाता शामिल हैं। पंचकूला नगर निगम के 20 वार्डों के लिए 204 मतदान केंद्रों पर 2,07,379 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1,08,927 पुरुष, 98,447 महिला तथा 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। सोनीपत नगर निगम के 22 वार्डों के लिए 264 मतदान केंद्रों पर 2,95,868 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1,53,292 पुरुष, 1,42,569 महिला तथा 7 अन्य मतदाता शामिल हैं।
रेवाड़ी नगर परिषद के 32 वार्डों के लिए 108 मतदान केंद्रों पर 1,15,157 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 59,142 पुरुष, 56,011 महिला तथा 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। उकलाना नगर समिति में 16 वार्डों में के लिए 16 मतदान केंद्रों पर 15,449 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 8,197 पुरुष और 7,252 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। इसी प्रकार सांपला नगर समिति के 16 वार्डों में 16 मतदान केंद्रों पर 15,624 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 8,141 पुरुष और 7,483 महिला मतदाता शामिल हैं। धारूहेड़ा नगर समिति के 18 वार्डों में 27 मतदान केंद्रों पर 23,224 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 12,694 पुरुष, 10,529 महिला तथा 1 अन्य मतदाता शामिल है।

छह निकायों में 6 वार्डों के लिए उपचुनाव भी करवाए जाएंगे। इन उपचुनावों के लिए 8 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां कुल 7,237 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 3,759 पुरुष और 3,478 महिला मतदाता हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए छह हजार से अधिक मतदान कर्मचारियों को तैनात किए गए हैं,जिनमें रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, पर्यवेक्षी कर्मचारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी शामिल हैं। चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष करवाने के लिए सुरक्षा की दृष्टि से इंतजाम किए गए हैं।

मतदान केंद्रों पर जरूरत के अनुसार संवेदनशील, अति संवेदनशील तथा सामान्य श्रेणी के मतदान केंद्रों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। समूचे चुनाव प्रक्रिया के लिए दो हजार से अधिक ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा। महापौर अध्यक्ष और सदस्य के लिए अलग अलग ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा।