Punjabi News

वड़िंग ने धमाकों को लेकर पंजाब सरकार के भीतर विरोधाभासी बयानों पर उठाए सवाल

8

मुख्यमंत्री से पूछा, अपने दावों के आधार पर भाजपा के खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की

चंडीगढ़:पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने जालंधर और अमृतसर में हुए दो बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव द्वारा दिए गए विरोधाभासी बयानों पर सवाल खड़े किए हैं।

वड़िंग ने कहा कि जहां मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि चुनावों से पहले ये धमाके भाजपा द्वारा करवाए गए हैं। वहीं पर, डीजीपी ने कहा है कि इन धमाकों के पीछे आईएसआई का हाथ है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग जानना चाहते हैं कि सही कौन है, मुख्यमंत्री या डीजीपी?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा वोकि यह बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है, जिसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की भेंट नहीं चढ़ाया जा सकता। उन्होंने कहा है कि पंजाब में इस तरह के धमाके पहली बार नहीं हुए हैं। इससे पहले भी पुलिस थानों पर हमले हो चुके हैं और रेलवे ट्रैक भी उड़ाए जा चुके हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि जब इन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त धमाकों के पीछे भाजपा का हाथ है, तो फिर इनकी सरकार ने भाजपा के खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की? इसके अलावा, उन्होंने हैरानी जताई है कि मुख्यमंत्री को सीधे रिपोर्ट करने वाले डीजीपी इनके बयान का खंडन कैसे कर सकते हैं?