SBI Warning: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए दो अहम चेतावनियां जारी की हैं। बैंक ने कहा है कि किसी भी आकर्षक ऑनलाइन ऑफर या ज्यादा मुनाफे के लालच में बिना जांच किए भरोसा न करें, क्योंकि ऐसे ऑफर्स अक्सर फर्जी होते हैं।
SBI ने खास तौर पर सोशल मीडिया पर बढ़ रहे फर्जीवाड़े को लेकर अलर्ट किया है। साइबर अपराधी YONO SBI के नाम से नकली पेज और विज्ञापन बनाकर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इन विज्ञापनों में यूजरनेम या पासवर्ड रिकवर करने के नाम पर लिंक दिए जाते हैं, जो असल में आपकी बैंकिंग जानकारी चुराने के लिए होते हैं। बैंक ने साफ कहा है कि ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
बैंक की सलाह…
हमेशा आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें
किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें
अपना OTP, पासवर्ड या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें
इसके अलावा SBI ने यह भी बताया कि कोई भी बैंक कभी फोन, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए आपकी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। अगर पासवर्ड रीसेट करना हो, तो केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म या बैंक शाखा का ही सहारा लें।
संदिग्ध कॉल्स से रहें सावधान
फोन कॉल से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में भी सावधान रहने को कहा गया है। SBI की आधिकारिक कॉल आमतौर पर 1600 से शुरू होने वाले नंबरों से आती हैं। अन्य संदिग्ध नंबरों से आने वाली कॉल्स पर भरोसा न करें।
हेल्पलाइन पर करें कॉल
अगर किसी को साइबर ठगी का शक हो, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

















