Punjabi News

बहादुरगढ़ में टैक्स डिफॉल्टर्स पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 70 करोड़ की वसूली के लिए अब सीधे सील होंगे भवन

35

बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ नगर परिषद ने एक बार फिर से बकाया प्राॅपर्टी टैक्स की रिकवरी के लिए अभियान छेड़ दिया है। इस बार बकाएदारों की दो कैटेगरी बनाई गई है। 5 लाख से ज्यादा के 263 बकाएदारों को नोटिस दे दिया गया है। इन बकाएदारों में बड़ी इंडस्ट्री और सरकारी विभाग भी शामिल है। 5 लाख से ज्यादा के बकाएदारों से 38 करोड़ से ज्यादा के प्राॅपर्टी टैक्स की वसूली करनी है। वहीं 2 लाख से ज्यादा प्राॅपर्टी टैक्स के 1900 बकाएदारों की पहचान भी कर ली गई है।

5 लाख के बाद 2 लाख से ज्यादा के बकाएदारों को भी नोटिस दिए जाने हैं। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला ने बताया कि 2 लाख और 5 लाख से अधिक बकाएदारों से कुल मिलाकर 70 करोड़ से ज्यादा के प्राॅपर्टी टैक्स की रिकवरी करनी है। उन्होंने माना की नोटिस पहले भी दिए गए हैं लेकिन इस बार की कार्यवाही काफी सख्त होने वाली है। नोटिस की अवधि में अगर किसी बकाएदार ने प्राॅपर्टी टैक्स जमा नही करवाया तो कानूनी कार्यवाही के साथ भवनों की सीलिंग भी की जाएगी।

दरअसल नगर परिषद पिछले काफी समय से बड़े औद्योगिक संस्थानों, व्यवसायिक स्थलों और सरकारी विभागों पर बकाया करोड़ों के प्राॅपर्टी टैक्स की रिकवरी के प्रयास कर रही है। पहले भी नोटिस दिए गए लेकिन परिणाम कुछ ज्यादा अच्छे नही रहे। झज्जर जिले में नए डीएमसी अभिनव सिवाच की नियुक्ति के बाद उन्होंने प्राॅपर्टी टैक्स की वसूली तेज और सख्त करने की हिदायत दी है। जिसके बाद नगर परिषद के अधिकारी नोटिस के बाद भी पैसे जमा नही कराने वाले भवनों को सील करने की तैयारी कर रहे हैं।