- कहा: राज्य की वित्तीय हालत पर कांग्रेस की बात सही साबित हुई
- पंजाब की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग दोहराई
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि नीति आयोग द्वारा जारी किए गए 18 बड़े राज्यों के ताज़ा फिस्कल हेल्थ इंडेक्स ने पंजाब में विकास को लेकर आम आदमी पार्टी के झूठे दावों को बेनकाब कर दिया है, क्योंकि इस इंडेक्स में पंजाब को सबसे नीचे रखा गया है।
उन्होंने कहा कि फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में देश के 18 बड़े राज्यों में पंजाब को सबसे निचला स्थान दिया गया है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए, कहा कि नीति आयोग की यह रिपोर्ट आप सरकार की भारी नाकामी का बड़ा खुलासा है, जिसने राज्य को वित्तीय स्वास्थ्य के मामले में सबसे नीचे और लगभग दिवालिया स्थिति तक पहुंचा दिया है।
इस दौरान वड़िंग ने पंजाब की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की अपनी मांग दोहराते हुए, कहा कि इससे पंजाब के लोगों को पता चल सकेगा कि आप सरकार ने आर्थिक, सामाजिक और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर राज्य को किस तरह नुकसान पहुंचाया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार सरकार को उसकी “बेलगाम फिजूलखर्ची” के बारे में चेतावनी देती रही है, जो पंजाब की वित्तीय सेहत को नुकसान पहुंचा रही थी, और उसके परिणाम आज सबके सामने हैं।
उन्होंने बताया कि फिस्कल हेल्थ इंडेक्स राज्यों के प्रदर्शन का आकलन पांच मानकों पर करता है, जिनमें राजस्व संग्रह, खर्च की गुणवत्ता, वित्तीय अनुशासन, कर्ज का स्तर और कर्ज की स्थिरता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब को 100 में से केवल 12.4 अंक मिले हैं, जिसके कारण वह सबसे नीचे आ गया है।
वड़िंग ने याद दिलाया कि किस तरह आप के नेता भ्रष्टाचार और अवैध रेत खनन पर रोक लगाकर राज्य की आय में भारी वृद्धि करने के दावे करते रहे थे और काल्पनिक आंकड़े पेश करते रहे थे। उन्होंने कहा कि आज वे सभी दावे बुरी तरह बेनकाब हो चुके हैं।










