Punjabi News

अमेरिका की चेतावनी- खतरे में युद्धविराम! गाजा में फिलीस्तीनियों पर हमले की तैयारी में हमास

256

Washington: अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसके पास ‘‘विश्वसनीय रिपोर्ट” है कि हमास गाजा में फिलीस्तीनी आम नागरिकों पर हमला करके युद्धविराम का उल्लंघन कर सकता है। बयान में कहा गया है कि अगर हमला होता है तो यह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इजराइल और हमास के बीच दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए किए गए समझौते का ‘‘प्रत्यक्ष और गंभीर उल्लंघन” होगा। संभावित हमले के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी गई। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘अगर हमास यह हमला करता है तो गाजा के लोगों की सुरक्षा और संघर्षविराम को बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे।”

 

ट्रंप ने इससे पहले सोशल मीडिया पर चेतावनी दी थी कि ‘‘अगर हमास समझौते के विपरीत, गाजा में हिंसा जारी रखता है तो हमारे पास वहां जाकर उन्हें मारने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।” अमेरिका के राष्ट्रपति ने बाद में स्पष्ट किया कि वह गाजा में अमेरिकी सेना नहीं भेजेंगे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह हम नहीं करेंगे। हमें ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनके नजदीक बहुत लोग हैं जो अंदर जाएंगे और वे आसानी से काम कर देंगे, लेकिन हमारी छत्रछाया में।”