Punjabi News

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान लोगों को गुमराह करना बंद करें, केंद्र सरकार ने नहीं काटा कोई राशन कार्ड- सुनील जाखड़

265

केंद्र सरकार ने केवल माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार ई-केवाईसी करने को कहा है

इस बारे में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पहले ही कर चुके हैं स्थिति स्पष्ट, भारतीय जनता पार्टी के जन जागरूकता कैंप जारी रहेंगे

चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पंजाब के लोगों को गुमराह करने से रोकते हुए कहा है कि केंद्र सरकार ने कोई राशन कार्ड नहीं काटा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पहले ही पूरी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री पंजाब के लोगों में भ्रम पैदा करके राज्य में तनाव की स्थिति पैदा कर रहे हैं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोगों को सरकारी योजनाओं संबंधी जागरूक करने के लिए लगाए जा रहे कैंपों के खिलाफ दमनकारी नीति अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार यह याद रखे कि उसके इस पुलिसिया जुल्म से भारतीय जनता पार्टी की जन जागरूकता मुहिम को रोका नहीं जा सकता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने इस संबंध में विस्तार से जानकारी साझा करते हुए कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा राशन कार्डों संबंधी ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए गए हैं और केंद्र सरकार केवल उक्त के मद्देनजर ही राज्यों को ई-केवाईसी करने के लिए कह रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में 1.41 करोड़ लोगों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत राशन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को तीन बार ई-केवाईसी करने की अवधि में विस्तार भी दिया गया है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि राशन कार्ड के लिए किसी को शामिल करना या न करना राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है और इसमें केंद्र सरकार की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने तो केवल दोबारा जांच करने के लिए कहा है कि कोई अयोग्य व्यक्ति राशन न ले रहा हो और कोई योग्य व्यक्ति राशन लेने से वंचित न रह गया हो और यदि कोई वंचित हो तो उसे शामिल कर लिया जाए।

सुनील जाखड़ ने कहा कि 1.41 करोड़ लोग जो राशन ले रहे हैं वे राशन मिलता रहेगा और केंद्र ने किसी का नाम नहीं हटाया है। किसी का नाम हटाना या जोड़ना राज्य सरकार का काम है।। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा तो आवश्यक डेटा राज्य सरकार को ई-केवाईसी की मदद के लिए उपलब्ध कराया गया है। सुनील जाखड़ ने कहा कि इस बेबुनियाद मुद्दे को मुद्दा बनाने के पीछे आम आदमी पार्टी की समाज में विभाजन डालने और भ्रम पैदा करने की वही नीति काम कर रही है जिसकी शिक्षा मनीष सिसोदिया ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पार्टी के नेताओं को दी थी ताकि समाज में असंतोष और डर, भ्रम की स्थिति पैदा की जा सके। उन्होंने कहा कि आज जब पंजाब के लोगों की बात है तो केवल भारतीय जनता पार्टी ही है जो लोगों के मुद्दे उठा रही है और एक सक्षम विपक्षी दल के रूप में लोगों की आवाज बन रही है जबकि बाकी पार्टियां मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आगे घुटने टेक चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इसके पीछे अन्य पार्टियों के नेताओं के निजी हित हैं जिस कारण उन्होंने लोगों के हित भुला दिए हैं।