Punjabi News

कनाडा में 22 वर्षीया भारतीय छात्रा की निर्मम हत्या, विदेश में पढ़ाई के सपने लेकर गई अब लौटेगी ताबूत में

8

International Desk: कनाडा के नियाग्रा इलाके में गुजरात की रहने वाली 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि कल्पेशभाई मेघानी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका गुजरात के आनंद जिले के बोरसद की निवासी थी और पिछले चार वर्षों से कनाडा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ वह पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना 15 मई को हुई। पुलिस जांच में जुटी, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला। कनाडाई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है और न ही हत्या के पीछे का मकसद स्पष्ट हुआ।

 

पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और स्थानीय गवाहों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय में भारी चिंता और गुस्सा देखा जा रहा है।लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर कनाडा सरकार कितनी गंभीर है। पिछले कुछ वर्षों में कनाडा में भारतीय छात्रों और भारतीय मूल के लोगों पर हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। दिसंबर 2024 में पंजाबी छात्र हरशदीप सिंह की एडमॉन्टन में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

भारत (India) से हर साल बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा के लिए Canada जाते हैं। लेकिन हाल के वर्षों में वहां छात्रों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार कनाडा में चार साल की पढ़ाई और रहने का खर्च करीब एक करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। विधि मेघानी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि क्या कनाडा भारतीय छात्रों के लिए सुरक्षित है?क्या विदेशी छात्रों को पर्याप्त सुरक्षा मिल रही है? बढ़ते अपराधों पर सरकार क्या कर रही है? कई लोगों ने भारतीय दूतावास से भी मामले में सक्रिय हस्तक्षेप की मांग की है।