Punjabi News

17 मिलियन डॉलर ड्रग तस्करी का मामलाः गुरमीत सिद्धू ने US कोर्ट में कबूला जुर्म, कनाडा से अमेरिका तक फैला साम्राज्य

42

International Desk: कनाडा के ब्रैम्पटन शहर के रहने वाले 62 वर्षीय गुरामृत सिद्धू ने अमेरिका की अदालत में एक बड़े ड्रग तस्करी मामले में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, वह एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का सरगना था, जो अमेरिका से कनाडा तक भारी मात्रा में मेथामफेटामाइन और कोकीन की तस्करी करता था। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह नेटवर्क सीमा पार काम करता था और इसमें कई लोग शामिल थे। अमेरिका से ड्रग्स की बड़ी खेप कनाडा भेजी जाती थी, जहां इसे आगे सप्लाई किया जाता था। अधिकारियों के मुताबिक, सिद्धू इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक था और उसी के निर्देश पर यह अवैध कारोबार चल रहा था।

 

सिद्धू को अक्टूबर 2024 में कनाडा से अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था। इसके बाद से वह अमेरिकी फेडरल कस्टडी में है। अब अदालत में उसने Continuing Criminal Enterprise (CCE) जैसे गंभीर आरोप में दोष स्वीकार कर लिया है, जिसे अमेरिका में बेहद गंभीर अपराध माना जाता है। इस मामले में उसे कम से कम 20 साल की जेल हो सकती है, जबकि अधिकतम सजा उम्रकैद तक हो सकती है। अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने की तारीख जुलाई 2026 तय की गई है।

 

 

 

यह सवाल भी उठ रहा है कि कनाडा ने खुद इस मामले में केस क्यों नहीं चलाया। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, इसका मुख्य कारण यह है कि अपराध का बड़ा हिस्सा अमेरिका में हुआ और वहां की एजेंसियों के पास ज्यादा मजबूत सबूत मौजूद थे। इसके अलावा, अमेरिका और कनाडा के बीच प्रत्यर्पण संधि होने के कारण आरोपी को वहां ट्रायल के लिए भेजा गया।