Punjabi News

जनगणना-2027 के पहले चरण में 11 जिलों और 7 नगर निगमों ने सराहनीय प्रदर्शन किया: मनजीत सिंह बराड़

8
  1. सभी प्रमुख जनगणना अधिकारियों को हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग ऑपरेशन्स की 100 प्रतिशत प्रगति तथा सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश
  2. मनजीत बराड़ द्वारा जमीनी स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु फील्ड अधिकारियों को अचानक निरीक्षण करने के निर्देश

चंडीगढ़:पंजाब सरकार ने जनगणना-2027 के सुचारु संचालन के लिए अपनी प्रशासनिक मशीनरी को युद्ध स्तर पर कार्य में लगा दिया है। इस प्रक्रिया के पहले चरण — हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग ऑपरेशन्स — में 11 जिलों तथा सात नगर निगमों ने फील्ड स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है, जो निर्धारित समय-सीमाओं के भीतर डेटा संग्रह की पूर्णता, शुद्धता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

स्थानीय निकाय के प्रशासनिक सचिव श्री मनजीत सिंह बराड़, जिनके साथ जनगणना ऑपरेशन्स के निदेशक डॉ. नवजोत खोसा तथा स्थानीय सरकारों के निदेशक श्री कुलवंत सिंह भी उपस्थित थे, ने पहले चरण के कार्यों की समीक्षा के लिए सभी प्रमुख जनगणना अधिकारियों के साथ वर्चुअल तौर पर समीक्षा बैठक की।

प्रगति पर प्रकाश डालते हुए श्री मनजीत सिंह बराड़ ने कहा कि बरनाला, मोगा, मालेरकोटला, फाजिल्का, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब, तरनतारन, रूपनगर, मानसा और होशियारपुर सहित कुल 11 जिलों तथा सात नगर निगमों(एम सीज़ ) — बरनाला, अबोहर, मोगा, बटाला, होशियारपुर, फगवाड़ा और कपूरथला — ने उत्कृष्ट फील्ड लामबंदी और निगरानी के माध्यम से सराहनीय प्रदर्शन किया है।

श्री बराड़ ने कहा, “जनगणना संबंधी कार्य का अत्यधिक राष्ट्रीय महत्व है और इन जिलों द्वारा किया गया सराहनीय प्रदर्शन मजबूत स्थानीय नेतृत्व का परिणाम है। हालांकि, इस कार्य में पीछे चल रहे कुछ जिलों को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं कि वे 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु अपने कार्यों में तेजी लाएं।”

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य का 40 से 70 प्रतिशत हिस्सा पूरा करने के लिए निगरानी की समय-सीमा 30 मई, 2026 निर्धारित की गई है तथा 100 प्रतिशत कार्य पूरा करने की समय-सीमा जून 2026 के दूसरे सप्ताह से पहले तय की गई है, क्योंकि यह चरण 13 जून को समाप्त हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि चूंकि पंजाब में जनगणना-2027 के पहले चरण की आधिकारिक अवधि 15 मई, 2026 से 13 जून, 2026 तक है, इसलिए सभी प्रमुख जनगणना अधिकारी (डिप्टी कमिश्नर एवं नगर निगम आयुक्त) अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एच.एल.बी.) कार्य की 100 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें।

श्री बराड़ ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार इस प्रक्रिया में पूर्ण शुद्धता की अपेक्षा रखती है। सभी प्रमुख जनगणना अधिकारियों को इन कार्यों की नजदीकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि डेटा गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना पहला चरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

ग्राउंड स्टाफ के कल्याण पर चर्चा करते हुए श्री मनजीत सिंह बराड़ ने कहा कि संरचनात्मक लक्ष्य और फील्ड सुरक्षा साथ-साथ चलनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रमुख जनगणना अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आउटडोर फील्डवर्क में लगे गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों के लिए भीषण गर्मी (हीटवेव) संबंधी एडवाइजरी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डेटा मानकों के पालन पर जोर देते हुए श्री मनजीत सिंह बराड़ ने कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित तथा अचानक फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जमीनी स्तर पर फील्डवर्क की प्रत्यक्ष निगरानी की जा सके।

उन्होंने कहा, “डेटा संग्रह की पूर्णता, शुद्धता और समग्र गुणवत्ता की पुष्टि के लिए अचानक निरीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। हमारी फील्ड टीमें चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों में कार्य कर रही हैं और उचित प्रशासनिक निगरानी उनकी सुरक्षा तथा जनगणना डेटा की विश्वसनीयता दोनों सुनिश्चित करेगी।”

स्थानीय निकाय के प्रशासनिक सचिव ने कहा कि स्थानीय सरकार विभाग पंजाब राज्य के लिए सुचारु, कानूनी रूप से अनुरूप तथा अत्यंत सटीक आवासीय लेआउट मैपिंग उपलब्ध कराने हेतु जनगणना ऑपरेशन्स प्राधिकरणों के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य कर रहा है।