चंडीगढ़, 23 जून : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की जीत में कोई खास बात नहीं है, क्योंकि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए इसने पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया है।
यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान वड़िंग ने कहा कि पार्टी इस नतीजे पर गंभीरता के साथ आत्मचिंतन करेगी।
वड़िंग ने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूत है और लुधियाना पश्चिम उप चुनाव का नतीजा न तो सांकेतिक है और न ही कोई बड़ी बात है।
उन्होंने जिक्र किया कि एक साल पहले हुए आम चुनाव में आप को बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, जब वह पंजाब की 13 संसदीय सीटों में से दस हार गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सात लोकसभा सीटें जीती थीं और दो सीटें बहुत कम अंतर से हारी थीं।
इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए अपने संदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लुधियाना पश्चिम के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का वह आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने तमाम मुश्किलों के बावजूद बेहतरीन लड़ाई लड़ी, जबकि पूरी सरकारी मशीनरी हमारे खिलाफ थी।
उन्होंने कहा कि ये नतीजे कोई बड़ी बात नहीं है। आखिर यह सिर्फ एक उप चुनाव है। हमारी लड़ाई जारी रहेगी और हम इसे 2027 में इसके तार्किक निष्कर्ष तक लेकर जाएंगे।










