पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा है कि विश्व की 3 सबसे प्रभावशाली महाशक्तियों अमरीका, चीन और रूस के शीर्ष नेताओं की एक साथ हुई बैठक अंतर्राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से ऐतिहासिक महत्व रखती है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की इस बैठक में परमाणु हथियारों, संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होना विश्व शांति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
शांता कुमार ने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों ने विनाशकारी हथियारों का भंडार तैयार कर लिया है। कई देश परमाणु बम बना चुके हैं, जबकि अनेक राष्ट्र लगातार नए और अधिक घातक हथियार विकसित करने में जुटे हैं। ऐसी परिस्थितियों में पूरी दुनिया बारूद के ढेर पर बैठी है। यदि कहीं से भी युद्ध की चिंगारी भड़क उठी तो उसका परिणाम पूरी मानवता के लिए विनाशकारी हो सकता है। ऐसे समय में 3 बड़ी महाशक्तियों के नेताओं का एक साथ बैठकर वैश्विक शांति और स्थिरता पर विचार करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि विश्व इतिहास में 2 भीषण महायुद्ध हो चुके हैं, जिनमें भारी जन-धन की हानि हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आग्रह किया कि वे इस ऐतिहासिक बैठक का स्वागत करें तथा विश्व शांति के इस प्रयास को सफल बनाने के लिए अपना पूरा सहयोग दें। साथ ही भारत को विश्व के अन्य देशों को भी इस पहल के समर्थन और सहयोग के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि वैश्विक स्तर पर शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास का वातावरण स्थापित हो सके।












