Punjabi News

Trump ने तरनजीत सिंह संधू को दी शुभकामनाएं, दिल्ली के नए LG के लिए ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा खास संदेश

5

इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अनुभवी राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल (LG) नियुक्त किए जाने पर खुशी जाहिर की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ के जरिए संधू को उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं और भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर खास संदेश लिखते हुए कहा, ”दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाए जाने पर तरनजीत संधू को बधाई! एक अनुभवी राजनयिक और अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत के रूप में उन्होंने अमेरिका एवं भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने के प्रति हमेशा गहरी प्रतिबद्धता दिखाई।”


संधू 2020 से 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत रहे। ट्रंप ने कहा, ”दिल्ली की प्रगति का नेतृत्व करने और वैश्विक संबंधों को आगे बढ़ाने में उनकी सफलता की कामना करता हूं।” संधू को पांच मार्च को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था।

 

भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) से सेवानिवृत्त होने के बाद संधू 2024 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। भाजपा ने संधू को अमृतसर से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे।