एक्टर अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ 18 जुलाई को पर्दे पर रिलीज हो गई है। इस मौके पर अनुपम खेर अपनी पत्नी व दिग्गज एक्ट्रेस एवं सांसद किरण खेर के साथ प्रीमियर में दिखाई दिए। यह जोड़ी लंबे समय बाद किसी पब्लिक इवेंट में एक साथ दिखी, जिसने फैंस का…
मुंबई. एक्टर अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ 18 जुलाई को पर्दे पर रिलीज हो गई है। इस मौके पर अनुपम खेर अपनी पत्नी व दिग्गज एक्ट्रेस एवं सांसद किरण खेर के साथ प्रीमियर में दिखाई दिए। यह जोड़ी लंबे समय बाद किसी पब्लिक इवेंट में एक साथ दिखी, जिसने फैंस का खूब ध्यान खींचा। इस मौके पर किरण खेर की सेहत को लेकर लोग काफी चिंता करते दिखे। कपल का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

गुरुवार को हुए प्रीमियर में अनुपम खेर के साथ उनकी पत्नी किरण खेर और बेटा सिकंदर खेर भी मौजूद थे। किरण खेर ने रेड कलर की कढ़ाईदार पारंपरिक ड्रेस पहनी, जिसे उन्होंने सिल्वर हैंडबैग और बड़े झुमकों के साथ स्टाइल किया। वहीं, अनुपम खेर ने चारकोल कलर का टक्सीडो, ब्लैक शर्ट और बो टाई पहन रखी थी।
वीडियोज़ में देखा जा सकता है कि किरण खेर अनुपम का हाथ थामे नजर आईं और अनुपम उन्हें सहारा देते दिखे। इस दौरान किरण काफी कमजोर नजर आईं और उनके गाल भी फूले दिखे।
सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो सामने आया, फैंस कमेंट्स में किरण खेर की सेहत को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते दिखे।
किरण खेर की बीमारी का खुलासा
साल 2021 में अनुपम खेर ने सार्वजनिक रूप से बताया था कि किरण खेर मल्टीपल मायलोमा नामक ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा था-
“सिर्फ अफवाहों से बचने के लिए, सिकंदर और मैं यह बताना चाहते हैं कि किरण को मल्टीपल मायलोमा हुआ है। उनका इलाज चल रहा है और हम आश्वस्त हैं कि वो इस लड़ाई को जीतेंगी। डॉक्टरों की एक बेहतरीन टीम उनका इलाज कर रही है। किरण हमेशा से जुझारू रही हैं और हर कठिनाई का सामना डटकर करती हैं।”
इलाज के बाद उन्होंने इंडियाज़ गॉट टैलेंट में जज के रूप में वापसी भी की थी, लेकिन तब से उन्होंने प्रोफेशनल कामकाज में धीमी गति रखी है।









