मुंबई: मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 30 पैसे टूटकर 95.84 प्रति डॉलर पर आ गया। ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 106 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बीच तेल आयातकों की ओर से डॉलर की बढ़ी मांग ने भारत के बाहरी संतुलन और मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 95.84 प्रति डॉलर पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 30 पैसे की गिरावट है। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.54 पर बंद हुआ था। गणेश चतुर्थी के कारण सोमवार को फॉरेक्स और शेयर बाजार बंद थे।इस बीच, दुनिया छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत बढ़कर 99.60 पर पहुंच गया।
इंटरनेशनल ऑयल बेंचमार्क, ब्रेंट क्रूड की कीमतें फ्यूचर्स ट्रेडिंग में 1.19 प्रतिशत बढ़कर 106.94 डॉलर प्रति बैरल हो गईं। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच यह तेजी आई है।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 233.66 अंक चढ़कर 75,022.37 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 63.85 अंक बढ़कर 23,462.30 पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 930.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।




















