Punjabi News

पंजाब कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयुक्त से की मुलाकात

11
  • स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर प्रशासन द्वारा सहयोग न मिलने का मुद्दा उठाया
  • स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से पक्षपाती: कैप्टन संदीप

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) कैप्टन संदीप संधू के नेतृत्व में आज राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के संबंध में विपक्षी दलों के प्रति स्थानीय प्रशासन द्वारा सहयोग न किए जाने का मुद्दा उठाया।

प्रतिनिधिमंडल में संदीप संधू के अलावा, वरिष्ठ पार्टी नेता और पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, गुरकीरत कोटली तथा अन्य नेता भी शामिल थे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए, संधू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयुक्त के ध्यान में वे विभिन्न कठिनाइयाँ लाई हैं, जिनका सामना विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस, को पंजाब में होने वाले नगर समितियों, नगर पंचायतों और नगर निगमों के चुनावों के संबंध में स्थानीय प्रशासन के स्तर पर करना पड़ रहा है।

पंजाब कांग्रेस कमेटी के महासचिव ने कहा कि पार्टी ने आयुक्त से आग्रह किया है कि स्थानीय प्रशासन को निर्देश जारी किए जाएँ कि वह विभिन्न प्रशासनिक आवश्यकताओं के मामलों में विपक्षी दलों के साथ सहयोग करे।

उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि स्थानीय प्रशासन हमारे द्वारा समय-समय पर उठाए जाने वाले मुद्दों, शिकायतों या आपत्तियों को नहीं सुनता, जबकि वे पूरी तरह जायज और उचित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन पूरी तरह विपक्ष के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाए हुए है।

इसके अलावा, संधू ने खुलासा किया कि पार्टी ने मतदाता सूचियों का मुद्दा भी उठाया है, क्योंकि ये सूचियाँ संबंधित क्षेत्रों के लिए जारी किए गए नक्शों से सही तरीके से मेल नहीं खातीं हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में एकरूपता नहीं है, क्योंकि कुछ वार्डों में 2000 मतदाता हैं, जबकि कुछ अन्य वार्डों में यह संख्या 5000 तक है।