Punjabi News

Parliament Monsoon Session 2026: चढ़ावा चोरी, पेपर लीक को लेकर संसद में हंगामा, राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

19

Parliament Monsoon Session 2026: संसद का मॉनसून सत्र सोमवार यानी आज से शुरू हुआ। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाज़ी शुरू कर दी। इस दौरान सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 1 बजे शुरू होगी। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही 12:50 पर शुरु हुई, हंगामे के बाद सदन को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

लोकसभा में भी विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। विपक्षी नेताओं ने NEET-UG पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की। कई सांसद पोस्टर, बैनर लेकर आए।

लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक पेश, 2026 पेश किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 (मुख्य न्यायाधीश सहित) की जाएगी। यह बिल मई में जारी ऑर्डिनेंस की जगह लेगा।

राज्यसभा में नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाया गया

राज्यसभा में नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाया गया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- जंतर-मंतर पर बच्चे इकठ्ठा हुए, उनकी आवाज को दबाया जा रहा। सरकार ने उन पर लाठीचार्ज किया।

मानसून और मानसून सत्र, दोनों ही फायदेमंद हैं – पीएम मोदी

मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि चाहे मानसून हो या मानसून सत्र, अगर दोनों सक्रिय हों तो वे बहुत फायदेमंद होते हैं और जब दोनों ही उत्पादक होते हैं, तो इससे देश और सभी जीवों को लाभ होता है। इसलिए, हम प्रार्थना करते हैं कि मानसून सक्रिय रहे और मानसून सत्र भी उत्पादक बना रहे

इससे पहले, रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव के साफ़ संकेत मिले थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सरकार ने सभी दलों से सदन के सुचारू कामकाज के लिए सहयोग की अपील की।

वहीं, विपक्ष ने साफ़ कर दिया कि वह राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगा। सरकार राज्यसभा में एक बिल पेश करेगी, जिसके तहत “वंदे मातरम” गाने का अपमान करने या उसमें बाधा डालने को आपराधिक अपराध माना जाएगा और इसके लिए तीन साल तक की सज़ा का प्रावधान होगा।