
Ahmedabad Train Fire News: अहमदाबाद के साबरमती यार्ड में खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन के खाली कोच (बोगी) में आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा।
डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) वेद प्रकाश ने कहा, “सुबह करीब 11:55 बजे साबरमती यार्ड में खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन के कोच में आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।”
उन्होंने बताया कि कोच 8 जुलाई से यार्ड में खड़ा था और घटना के समय उसमें ताला लगा हुआ था। डिविजनल फायर ऑफिसर एस.बी. जडेजा ने बताया कि रेलवे के एक कर्मचारी ने कोच से धुआं निकलते देखा और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चार फायर टेंडरों (फायर इंजन) की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।












