- कहा, सुखबीर बादल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए कर रहे हैं संघर्ष
- मोगा रैली में आप सरकार अपने पांच साल के कामकाज का पूरा हिसाब दे: वड़िंग
- नशे, गैंगस्टरवाद और पंजाब पर बढ़ते कर्ज का जवाब दे सरकार
चंडीगढ़ : लुधियाना से सांसद और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा को सबसे अवसरवादी राजनीतिक समझौता बताया। उन्होंने मंगलवार को कहा कि असल में दोनों पार्टियां हमेशा से एक साथ रही हैं और अब औपचारिक रूप से साथ आने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
वड़िंग ने कहा कि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को दोबारा शुरू करने का फैसला किन परिस्थितियों में लिया है, यह समझना मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए बुरी तरह संघर्ष कर रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए वड़िंग ने कहा, “अकाली-भाजपा गठबंधन की औपचारिक घोषणा पूरी तरह अवसरवादी है। मैं जानबूझकर इसे औपचारिक घोषणा कह रहा हूं, क्योंकि दोनों पार्टियां हमेशा से साथ रही हैं।”
सुखबीर बादल पर निशाना साधते हुए वड़िंग ने आरोप लगाया कि उन्होंने पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है और राज्य को लेकर आरएसएस की गलत मंशा का हिस्सा बने हैं।
उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा हुआ यह समझौता पंजाब और उसके लोगों के हितों के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक मजबूरियों के कारण हुआ है।
वड़िंग ने कहा कि इस गठबंधन का कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने 2002 और 2017 के विधानसभा चुनावों में अकाली-भाजपा गठबंधन को हराया था।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमने 2002 और 2017 में भी उन्हें हराया था, जब दोनों पार्टियां साथ थीं और 2027 में भी उन्हें हराएंगे।”
आम आदमी पार्टी की मोगा में होने वाली रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए वड़िंग ने सत्ताधारी पार्टी को चुनौती दी कि वह नए वादे करने के बजाय अपने पांच साल के शासन का पूरा हिसाब जनता के सामने रखे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सरकार से उसके कामकाज का जवाब चाहते हैं, खासकर नशे, गैंगस्टरवाद, बढ़ते सरकारी कर्ज और राज्य के पैसों के कथित गलत इस्तेमाल को लेकर।
वड़िंग ने कहा, “आप को मोगा रैली में अपने पांच साल के कामकाज का पूरा हिसाब देना चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि नशे के कारण कितने युवाओं की जान गई और गैंगस्टरवाद के कारण कितने युवाओं को अपनी जान गंवानी पड़ी।”
उन्होंने कहा कि आप सरकार को यह भी बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में पंजाब पर कितना अतिरिक्त कर्ज बढ़ा है। उन्होंने सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए राज्य के खर्च और पैसों के इस्तेमाल का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की।
वड़िंग ने आप नेतृत्व से यह भी पूछा कि पंजाब का कितना पैसा दिल्ली और दूसरे राज्यों में भेजा गया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को यह जानने का पूरा अधिकार है कि राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल पंजाब की जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार हो रहा है या नहीं।
लुधियाना के सांसद ने कहा कि मोगा रैली आप सरकार के लिए अपने शासन का हिसाब देने का मौका होना चाहिए, न कि सिर्फ राजनीतिक भाषण देने और नए दावे करने का मंच।








